प्रदेश में टर्मिनेट हुए वोकेशनल ट्रेनर्स की बहाली के आदेश, 19 अप्रैल तक करेंगे स्कूलों में ज्वाइन
स्टाफ रिपोर्टर, शिमला:
हिमाचल प्रदेश में शिक्षा विभाग द्वारा हड़ताल के दौरान सेवा से हटाए गए वोकेशनल ट्रेनर्स को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इन सभी टर्मिनेट किए गए ट्रेनर्स की सेवाएं बहाल करने के आदेश जारी कर दिए हैं। अब ये सभी ट्रेनर्स 19 अप्रैल तक पुनः स्कूलों में अपनी सेवाएं देंगे।
प्रदेश के वोकेशनल ट्रेनर्स पिछले कुछ हफ्तों से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत थे, जिनमें स्थायी नीति का निर्माण, नौकरी की सुरक्षा और वेतनमान को लेकर स्पष्टता प्रमुख मांगें थीं। इस दौरान कुछ ट्रेनर्स को सेवा से टर्मिनेट कर दिया गया था, जिससे पूरे प्रदेश में आक्रोश फैल गया।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के साथ हुई बैठक के बाद ट्रेनर्स ने बताया कि उनकी बात को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री के समक्ष मुद्दा रखा गया, जिसके बाद टर्मिनेशन वापस लेने का निर्णय हुआ।
प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी ढटवालिया ने कहा कि सरकार ने न सिर्फ बहाली का आदेश दिया है, बल्कि आंदोलन के दौरान बिताए गए 15 दिनों के संघर्ष को भी रेगुलराइज करने का आश्वासन दिया है। अगले सप्ताह विभाग के साथ फिर से बैठक होगी, जिसमें स्थायी नीति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
इस फैसले के बाद वोकेशनल ट्रेनर्स में खुशी की लहर है और वे सरकार के इस कदम का स्वागत कर रहे हैं।

Nice information keep it up
जवाब देंहटाएं