Super money

ओखलकांडा में युवक का शव मिलने से फैली सनसनी, ज़हरीला पदार्थ निगलने की आशंका

पतलोट (नैनीताल)। मल्ला ओखलकांडा क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब गुरुवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। मृतक की पहचान जीतू बोरा (30 वर्ष) पुत्र हरीश सिंह बोरा निवासी मल्ला ओखलकांडा के रूप में हुई है, जो पेशे से टैक्सी चालक था।

स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जीतू को अचेत अवस्था में ओखलकांडा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में शोक की लहर फैल गई।

परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम जीतू ने अपनी टैक्सी सड़क किनारे खड़ी की थी, लेकिन वह रात भर घर नहीं लौटा। लगातार कॉल करने के बावजूद जब उससे संपर्क नहीं हो सका, तो परिजन चिंतित हो गए। गुरुवार सुबह उसका शव घर से करीब आधा किलोमीटर पहले सड़क किनारे पड़ा मिला।

सीओ प्रमोद शाह ने बताया कि मृतक के शरीर का रंग नीला पड़ा हुआ था, जिससे प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत किसी विषाक्त पदार्थ के सेवन से हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

स्थानीय लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं और प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.