Super money

धानाचूली- अघरिया (रौलजांगल) मोटर मार्ग की माँग तेज़, ग्रामीणों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन

धारी (नैनीताल):

विकास खण्ड धारी के अंतर्गत ग्रामसभा अघरिया (रौलजांगल) के ग्रामीणों ने वर्षों से सड़क सुविधा से वंचित अपने गाँव के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत मोटर मार्ग की माँग को लेकर भीमताल विधानसभा के माननीय विधायक को ज्ञापन सौंपा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधरिया गाँव की जनसंख्या लगभग 3000 है और यहाँ 400 से अधिक परिवार निवास करते हैं। बावजूद इसके यह गाँव आज भी सड़क सुविधा से वंचित है। गाँव से मुख्य सड़क धानाचूली की दूरी लगभग 8-9 किलोमीटर है, जिसे ग्रामीणों को आज भी पैदल तय करना पड़ता है।

किसानों पर पड़ रहा भारी आर्थिक बोझ
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि अधरिया के अधिकतर निवासी किसान हैं, जो आलू, गोभी, मटर, फल व अन्य सब्जियों की खेती करते हैं। मोटर मार्ग न होने के कारण इन उपजों को मेन रोड तक पहुँचाने के लिए घोड़ों और खच्चरों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ जाता है। मोटर मार्ग बनने से न केवल लागत घटेगी, बल्कि उपज समय पर मंडी तक पहुँच पाएगी।

गर्भवती महिलाओं और बीमारों को जोखिम
ग्रामीणों ने बताया कि मोटर मार्ग न होने की वजह से गर्भवती महिलाओं व गंभीर रोगियों को चारपाई, डोली या कुर्सी के सहारे 7-8 किलोमीटर पैदल मुख्य सड़क तक पहुँचाना पड़ता है। कई बार समय पर अस्पताल न पहुँच पाने के कारण गंभीर परिणाम भुगतने पड़े हैं।

शिक्षा और सुरक्षा भी है बड़ी समस्या
अधरिया में प्राथमिक और जूनियर विद्यालय तो हैं, लेकिन शिक्षकों को प्रतिदिन लंबी पैदल यात्रा करनी पड़ती है। वहीं, कक्षा 9 के बाद छात्रों को दूर स्कूल जाना पड़ता है, जिसके लिए उन्हें जंगल के रास्ते से गुजरना पड़ता है जहाँ जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है।

विकास के लिए पहली जरूरत – सड़क
ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह मोटर मार्ग स्वीकृत हो जाता है तो यह शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विकास कार्यों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।

ज्ञापन देने वालों में राजकुमार, मुकेश चंद्र, कमलेश कुमार सहित कई ग्रामीण शामिल थे। ग्रामीणों ने विधायक से अनुरोध किया है कि वे इस प्रस्ताव को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत शीघ्र स्वीकृति दिलवाएं।



कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.