Super money

राजकीय इंटर कॉलेज कनकपुर (उधम सिंह नगर)में धूमधाम से मनाया गया प्रवेशोत्सव

कनकपुर (उधम सिंह नगर), 21 अप्रैल 2025: उत्तराखण्ड सरकार के निर्देशानुसार आज पूरे प्रदेशभर में प्रवेशोत्सव बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इसी क्रम में राजकीय इंटर कॉलेज, कनकपुर (उधम सिंह नगर) में भी यह कार्यक्रम अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अवधेश कुमार गिरि के नेतृत्व में समस्त शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने मिलकर आयोजन को सफल बनाने में अपना अहम योगदान दिया। इस अवसर पर विद्यालय की PTA (अभिभावक-शिक्षक संघ) एवं SMC (स्कूल प्रबंधन समिति) के अध्यक्षगण, अनेक अभिभावकगण एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

प्रवेशोत्सव के अंतर्गत विद्यालय में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का स्वागत बड़े प्रेम और सम्मान के साथ किया गया। और छात्र छात्राओं के लिए विशेष भोज का आयोजन किया गया तथा उन्हें उपहार (गिफ्ट) और मिष्ठान वितरित कर उनका मनोबल बढ़ाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को सरकारी विद्यालयों में प्रवेश दिलाना एवं उन्हें सरकार द्वारा प्रदत्त सुविधाओं से अवगत कराना रहा।

प्रधानाचार्य श्री अवधेश कुमार गिरि ने अपने संबोधन में बताया कि राज्य सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को मुफ्त किताबें, यूनिफॉर्म, मिड-डे मील (MDM), छात्रवृत्ति, खेलकूद की सुविधाएं तथा तकनीकी शिक्षा के अवसर जैसी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालय अब किसी भी दृष्टिकोण से निजी विद्यालयों से पीछे नहीं हैं और शिक्षा की गुणवत्ता में लगातार सुधार हो रहा है।


कार्यक्रम में अभिभावकों को भी संबोधित किया गया, जिसमें उन्हें बताया गया कि सरकारी विद्यालयों में योग्य, अनुभवी एवं प्रशिक्षित शिक्षक बच्चों को शिक्षा प्रदान करते हैं और समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इस अवसर पर कई अभिभावकों ने भी अपने विचार साझा किए और सरकारी विद्यालय में पढ़ने के फायदों को स्वीकार किया।


इसके अतिरिक्त, बोर्ड परीक्षाओं में उत्तीर्ण हुए मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। उनके अभिभावकों को भी मंच पर बुलाकर पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे अन्य अभिभावकों और छात्रों को प्रेरणा मिल सके। उपस्थित लोगों ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना की।



राजकीय इंटर कॉलेज, कनकपुर में हुए प्रवेशोत्सव ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि शिक्षा के प्रति समर्पण और सामूहिक सहयोग हो, तो सरकारी विद्यालय भी शैक्षणिक और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्टता की मिसाल बन सकते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.