Super money

हल्द्वानी से नैनीताल जाने वालों के लिए बड़ी खबर! ये रूट अब रहेगा बंद - देखें नया रूट

हल्द्वानी/नैनीताल: वीकेंड के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल, भवाली, भीमताल और कैंचीधाम की ओर रुख करते हैं। इस भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात को सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन नैनीताल द्वारा विशेष यातायात डायवर्जन प्लान एवं शटल सेवा की व्यवस्था की गई है, जो 26 और 27 अप्रैल 2025 को सुबह 9:00 बजे से रात 10:00 बजे तक प्रभावी रहेगा।

पर्यटकों और आमजन से अनुरोध किया गया है कि वे इस ट्रैफिक प्लान का पालन करें ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुगमता बनी रहे।

बरेली और रुद्रपुर की ओर से आने वाले यात्री ध्यान दें:

  • बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्र की ओर जाने वाले सभी वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा, काठगोदाम होकर आगे जाएंगे।

  • रुद्रपुर की ओर से आने वाले वाहन पंतनगर तिराहा (दिनेशपुर मोड़) से एनएच-109 (नया हाईवे) होते हुए लालकुआं, फिर तीनपानी फ्लाईओवर से होकर गौलापार रोड के रास्ते नारीमन तिराहा से अपने गंतव्य को जाएंगे। यदि कोई वाहन हल्द्वानी शहर की ओर आ जाता है तो उसे गन्ना सेंटर तिराहा से डायवर्ट कर तीनपानी फ्लाईओवर से भेजा जाएगा।

रामनगर और बाजपुर से यात्री:

  • इन क्षेत्रों से पर्वतीय गंतव्यों को जाने वाले वाहन कालाढूंगी होते हुए मंगोली मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

पार्किंग और शटल सेवा:

  • नैनीताल, भीमताल और भवाली की पार्किंग 70% भरने पर शेष पर्यटक वाहनों को गौलापार स्टेडियम के पास आईएसबीटी पार्किंग में रोका जाएगा। वहां से पर्यटकों को आवश्यकता अनुसार शटल सेवा के माध्यम से नैनीताल, भीमताल, कैंचीधाम भेजा जाएगा।

भारी वाहनों पर प्रतिबंध:

  • शनिवार व रविवार को सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक पर्वतीय मार्गों में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।

  • पर्वतीय क्षेत्र से हल्द्वानी की ओर आने वाले भारी वाहनों को जनपद सीमा पर रोका जाएगा या भवाली, भीमताल क्षेत्र में नंबर-01 बैंड, एचएमटी तिराहा और अमृतपुर मोड़ क्षेत्र में पार्क किया जाएगा।

  • आवश्यक सेवाओं जैसे दूध, सब्जी, गैस, ईंधन आदि ले जाने वाले भारी वाहनों को भी दोपहर 2:00 बजे से रात 10:00 बजे तक पर्वतीय यात्रा मार्गों में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।  

अतिरिक्त डायवर्जन व्यवस्था:

  • काठगोदाम क्षेत्र में अत्यधिक ट्रैफिक दबाव की स्थिति में दोपहर 3:00 बजे के बाद नैनीताल और भवाली से मैदानी क्षेत्रों को जाने वाले पर्यटक वाहनों को नंबर 01 बैंड व रूसी बाईपास द्वितीय से डायवर्ट कर रूसी बाईपास प्रथम व कालाढूंगी मार्ग से भेजा जाएगा।

रोडवेज और केमू की बसें:

  • पर्वतीय क्षेत्र से हल्द्वानी आने वाली रोडवेज व केमू की बसें अपने निर्धारित रूट से ही चलेंगी।


नगर नैनीताल, भवाली, भीमताल व कैंचीधाम के लिए ट्रैफिक प्लान:

  • नैनीताल के पार्किंग स्थल भरने पर, कालाढूंगी की ओर से आने वाले पर्यटक वाहनों को रूसी-1 और नारायण नगर (कालाढूंगी रोड) में पार्क किया जाएगा। यहां से शटल सेवा द्वारा नैनीताल भेजा जाएगा।

  • हल्द्वानी की ओर से आने वाले वाहनों को रूसी-2 (हल्द्वानी रोड) में पार्क कराया जाएगा और वहां से शटल के माध्यम से नैनीताल भेजा जाएगा।

  • नैनीताल व नंबर-1 बैंड ज्योलिकोट की ओर से आने वाले और भवाली-कैंचीधाम की ओर जाने वाले पर्यटक वाहनों को रातीघाट मार्ग सैनेटोरियम भवाली में पार्क किया जाएगा और वहीं से शटल सेवा से कैंचीधाम भेजा जाएगा।

  • हल्द्वानी-भीमताल मार्ग से आने वाले पर्यटकों के लिए विकास भवन भीमताल से शटल सेवा कैंचीधाम व भवाली के लिए संचालित होगी।


यात्रियों से अपील:

जिला प्रशासन ने आम जनमानस व पर्यटकों से अपील की है कि वे दिए गए रूट प्लान का पालन करें और अस्थाई पार्किंग स्थलों का प्रयोग करते हुए शटल सेवाओं का लाभ उठाएं। ऐसा करके वे न केवल अपनी यात्रा को सुगम बनाएंगे, बल्कि क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को भी सहयोग देंगे।

'कुमाऊं कनेक्शन' आपसे अपील करता है कि यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देखें और दिए गए रूट का पालन करें, ताकि आप नैनीताल, भीमताल, भवाली और कैंचीधाम की सुंदरता का आनंद बिना किसी परेशानी के ले सकें।



कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.