Super money

शराब के नशे में धुत कार चालक ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवक घायल

सोमेश्वर (अल्मोड़ा), 3 मई। सोमेश्वर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस समय घटी जब बाइक सवार दो युवक अपने घर लौट रहे थे और सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद दोनों घायल सड़क से करीब 50 मीटर नीचे नदी में जा गिरे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा सोमेश्वर थाना परिसर से महज 200 मीटर आगे रानीखेत रोड पर हुआ। बाइक सवार दोनों युवक सोमेश्वर से रैत की ओर जा रहे थे, तभी कौसानी (बागेश्वर) निवासी त्रिभुवन सिंह की तेज रफ्तार कार ने सामने से आकर टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार युवक वाहन समेत खाई में गिर गए। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने रेस्क्यू उपकरणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी सोमेश्वर पहुंचाया। बाद में दोनों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि कार चालक त्रिभुवन सिंह शराब के नशे में था। मेडिकल जांच में भी इसकी पुष्टि हुई, जिसके बाद चालक को गिरफ्तार कर लिया गया और वाहन को सीज कर दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया गया है।

घायलों के परिजनों की तहरीर पर थाना सोमेश्वर में आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर संख्या 13/25 के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 एवं 125 के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।

यह हादसा एक बार फिर दर्शाता है कि शराब के नशे में वाहन चलाना किस तरह गंभीर दुर्घटनाओं को जन्म दे सकता है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से अपील की है कि ऐसे मामलों में कठोर कदम उठाए जाएं और नशे में गाड़ी चलाने वालों के विरुद्ध नियमित जांच अभियान चलाया जाए।



कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.