उत्तराखंड में 550 विद्यालय होंगे आधुनिक, सीएसआर फंड से होगी बुनियादी ढांचे की मजबूती
देहरादून, 30 जुलाई — उत्तराखंड में स्कूली शिक्षा को भविष्य के लिए तैयार बनाने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। राजभवन, देहरादून में आयोजित "Building Future Ready Schools through Corporate Social Responsibility Fund" कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने भाग लिया और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) के साथ मंच साझा किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल न केवल प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाएगी, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की भी मजबूत नींव रखेगी। सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के तहत प्रारंभ की गई इस योजना के अंतर्गत प्रदेश के 550 विद्यालयों में बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा और उन्हें विभिन्न आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण, व्यावहारिक एवं आधुनिक बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में बाल वाटिकाओं की स्थापना, छात्रवृत्तियों, और भारत भ्रमण जैसी पहलें बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शुरू की गई हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से आए छात्रों ने भी भाग लिया, जिन्हें मुख्यमंत्री द्वारा संबोधित किया गया। उन्होंने बच्चों को मेहनत, अनुशासन और तकनीकी दक्षता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


Post a Comment