शहर में अब जाम से राहत! हल्द्वानी में शुरू होंगी 90 सिटी बसें, जानें रूट
हल्द्वानी। शहरवासियों के लिए सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात सामने आई है। हल्द्वानी शहर में अब सार्वजनिक परिवहन को सुगम और सुलभ बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा 90 नई सिटी बसें चलाने की योजना तैयार कर ली गई है। इन बसों का संचालन आगामी 21 जुलाई से किया जाएगा, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार होने की उम्मीद है। यह निर्णय शहर के लगातार बढ़ते ट्रैफिक और लोगों को बेहतर यातायात सुविधा देने के मद्देनजर लिया गया है।
परिवहन विभाग के अनुसार, पहले सिटी बसों का संचालन 21 जून से प्रस्तावित था, लेकिन बस ऑपरेटर्स की ओर से तैयारियों के लिए समय मांगे जाने पर इसे एक माह आगे बढ़ा दिया गया। अब यह सेवाएं 21 जुलाई से शुरू की जाएंगी। मंगलवार को आरटीओ सुनील शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 मार्च को हुई आरटीए (रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी) की बैठक में इस योजना को मंजूरी दी गई थी।
छह रूटों पर चलेंगी 90 बसें
हल्द्वानी शहर के अलग-अलग इलाकों को आपस में जोड़ने के लिए छह रूट तय किए गए हैं, जिन पर कुल 90 सिटी बसें चलेंगी। बसें सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक उपलब्ध रहेंगी। इस योजना का उद्देश्य न केवल लोगों को सस्ते और आरामदायक यातायात विकल्प उपलब्ध कराना है, बल्कि शहर में बढ़ते निजी वाहनों और ट्रैफिक जाम की समस्या से भी राहत दिलाना है।
सबसे लंबा रूट रानीबाग से काठगोदाम तक होगा, जिसकी लंबाई लगभग 45 किलोमीटर है और इस रूट पर 45 बसें संचालित की जाएंगी। वहीं, सबसे छोटा रूट 12 किलोमीटर का होगा, जिस पर 24 बसें चलाई जाएंगी। अन्य रूटों पर यात्रियों की संख्या और क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुसार बसों की संख्या निर्धारित की गई है।
प्रस्तावित रूटों का विवरण:
-
रानीबाग से रानीबाग रूट:
रोडवेज बस स्टेशन, स्टेडियम रोड, मुखानी, कुसुमखेड़ा, फतेहपुर, लामाचौड़, भाखड़ा, कठघरिया, चौफुला चौराहा, चंबलपुल, हाइडिल गेट होते हुए वापसी। -
बस स्टेशन से कालाढूंगी चौराहा रूट:
मंगलपड़ाव, गांधी स्कूल, तीनपानी, ओपन यूनिवर्सिटी, टीपीनगर, देवलचौड़, पाल कॉलेज, पनचक्की, मुखानी होते हुए वापसी। -
बस स्टेशन से काठगोदाम रूट:
रेलवे स्टेशन, सर्किट हाउस, गोरापड़ाव, गन्ना सेंटर, एसटीएच, धान मिल, पीलीकोठी, कालाढूंगी चौराहा। -
रामपुर रोड-देवलचौड़ रूट:
सिंधी चौराहा, बिड़ला स्कूल, गैस गोदाम रोड, सेंट्रल अस्पताल, मुखानी होकर वापसी। -
दुर्गा सिटी सेंटर-लामाचौड़ रूट:
नवाबी रोड, कुसुमखेड़ा, कमलुवागांजा, भाखड़ा होकर वापसी। -
बस स्टेशन से ऊंचापुल रूट:
स्टेडियम रोड, कुसुमखेड़ा, कमलुवागांजा होकर वापसी।
पर्यावरण के अनुकूल बसें
आरटीओ सुनील शर्मा ने बताया कि सभी बसें या तो सीएनजी आधारित होंगी या फिर बीएस-6 डीजल मॉडल पर आधारित होंगी। यह कदम पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में भी एक अहम प्रयास है, जिससे प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सकेगा।
शहर की परिवहन व्यवस्था को मिलेगा नया रूप
इस योजना से हल्द्वानी में सार्वजनिक परिवहन को एक नई पहचान मिलेगी। अभी तक शहर में सीमित संख्या में ही सार्वजनिक वाहन चल रहे हैं, जिससे लोगों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। निजी वाहनों की संख्या बढ़ने से ट्रैफिक जाम भी एक बड़ी समस्या बन गई है। लेकिन सिटी बस सेवा के शुरू होने से न केवल ट्रैफिक जाम कम होगा बल्कि लोगों को सस्ते, सुविधाजनक और सुरक्षित सफर का विकल्प भी मिलेगा।
परिवहन विभाग को उम्मीद है कि यह योजना भविष्य में हल्द्वानी शहर के ट्रैफिक प्रबंधन का एक मजबूत आधार बनेगी और अन्य शहरों के लिए भी उदाहरण प्रस्तुत करेगी।

Post a Comment