हिंदू बनकर की शादी, सच सामने आया तो कर दी हत्या
खटीमा, संवाददाता।
उधम सिंह नगर जनपद के नानकमत्ता क्षेत्र की 38 वर्षीय महिला पूजा मंडल की नृशंस हत्या के मामले ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। पूजा का शव पांच महीने बाद खटीमा क्षेत्र की नहर से बरामद हुआ है। हत्या के आरोप में उसका प्रेमी मुश्ताक गिरफ्तार हो चुका है, जिसने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
![]() |
| मृतका की फाइल फोटो |
मूल रूप से बंगाली कॉलोनी, नानकमत्ता की रहने वाली पूजा मंडल वर्ष 2019 में अपने पति से तलाक लेकर गुरुग्राम में एक स्पा सेंटर में कार्यरत थीं। वहीं उनकी मुलाकात सितारगंज निवासी टैक्सी चालक मुश्ताक से हुई। दोनों एक ही राज्य और जिले से होने के कारण नजदीक आए और करीब डेढ़ साल तक लिव-इन-रिलेशनशिप में रहे। वर्ष 2022 में दोनों ने शादी भी कर ली थी।
पूजा की बहन ने बताया कि नवंबर 2024 से पूजा लापता थी। दिसंबर में उन्होंने गुरुग्राम पुलिस को गुमशुदगी की रिपोर्ट दी और मुश्ताक पर शक जताया। पुलिस ने जांच शुरू की और आखिरकार मुश्ताक को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में मुश्ताक ने हत्या की बात कबूलते हुए बताया कि उसने पूजा का गला काटकर सिर और धड़ को अलग-अलग कट्टों में डालकर नहर में फेंक दिया था।
बुधवार को हरियाणा पुलिस की मदद से खटीमा पुलिस ने नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया, जहां से पूजा का धड़ बरामद हुआ। हालांकि, खबर लिखे जाने तक उसका सिर नहीं मिल सका था। पुलिस की टीम सिर की तलाश में लगी हुई है।
हत्या का कारण भी बेहद चौंकाने वाला है। पूछताछ में पता चला कि मुश्ताक ने पूजा से अपनी असली पहचान छिपाकर 'सुनील यादव' बनकर शादी की थी। बाद में उसने पूजा का धर्मांतरण भी करवाया। जब पूजा को उसकी असलियत का पता चला तो उसने सितारगंज कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। इस मामले की पुलिस जांच और काउंसलिंग भी हुई थी, लेकिन दोनों बालिग होने के कारण पुलिस ने कानूनी कार्यवाही नहीं की।
इसी बीच मुश्ताक ने पूजा को बिना बताए किच्छा क्षेत्र की एक अन्य महिला से दूसरी शादी कर ली। जब यह बात पूजा को पता चली तो वह बेहद आहत हुई और पुलिस से दोबारा शिकायत की। उसके कुछ समय बाद ही पूजा लापता हो गई थी।
पूजा के दो बच्चे हैं जो तलाक के बाद से ही अपने पिता के साथ शक्तिफार्म क्षेत्र में रहते हैं।
फिलहाल पुलिस ने हत्या के मामले में मुश्ताक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या, धोखाधड़ी, और पहचान छुपाकर विवाह करने जैसे गंभीर आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस की टीम अब पूजा के सिर की तलाश में नहर और उसके आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चला रही है।
यह मामला एक बार फिर से लिव-इन-रिलेशनशिप, पहचान छुपाकर विवाह और महिला सुरक्षा के मुद्दों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Post a Comment