Super money

हल्द्वानी सड़क हादसा: बस और स्कूटी की भिड़ंत में युवती की मौत, एक गंभीर घायल

हल्द्वानी। शहर में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। शनिवार देर रात ई-रिक्शा हादसे के बाद रविवार सुबह एक और दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। रामपुर रोड पर बिहार पेट्रोल पंप के पास रोडवेज बस और स्कूटी की भिड़ंत में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9:45 बजे पुलिस आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना मिली कि बिहार पेट्रोल पंप के समीप रोडवेज बस (संख्या UK 07 PA 5115) और स्कूटी (संख्या UK 04T 3323) के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई है। स्कूटी सवार भावना जोशी निवासी मानपुर पश्चिम और आंचल सिंह निवासी देवलचौड़खाम गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान भावना जोशी ने दम तोड़ दिया। आंचल सिंह का इलाज अस्पताल में जारी है।

गौरतलब है कि शनिवार रात भी एक हादसे में तेज रफ्तार कार की टक्कर से ई-रिक्शा सवार दो महिलाओं और एक बच्ची को गंभीर चोटें आई थीं। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने शहरवासियों में चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने घटनास्थल से बस को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।





कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.