Super money

विद्यालयों में बिना अनुमति प्रवेश अब नहीं चलेगा, सीईओ टिहरी ने दिए सख्त निर्देश ।

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखण्ड 

विद्यालयों में अनाधिकृत रूप से घुसकर पत्रकारों और तथाकथित सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा माइक-कैमरे के साथ निरीक्षण करने और छात्रों-शिक्षकों से सवाल-जवाब करने जैसी गतिविधियों पर अब रोक लगेगी। इस संबंध में मुख्य शिक्षा अधिकारी टिहरी गढ़वाल ने समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को विद्यालय में प्रवेश की अनुमति बिना विभागीय स्वीकृति के न दी जाए।



यह कदम राजकीय शिक्षक संघ की ओर से जिला अध्यक्ष एवं जिला मंत्री द्वारा भेजे गए पत्र संख्या 111 के आलोक में उठाया गया है, जिसमें यह उल्लेख किया गया कि कुछ स्वयंभू पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता विद्यालयों में अनधिकृत रूप से घुसकर छात्रों और शिक्षकों से प्रश्न करते हैं, कक्षाओं में वीडियो रिकॉर्डिंग करते हैं और विद्यालयी दस्तावेजों का निरीक्षण करने की कोशिश करते हैं, जिससे विद्यालय के शिक्षकों व छात्रों में असहजता का माहौल बनता है।


मुख्य शिक्षा अधिकारी ने सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बिना किसी अधिकृत अनुमति के किसी भी बाहरी व्यक्ति को विद्यालय परिसर में प्रवेश की अनुमति न दी जाए। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई इस निर्देश का उल्लंघन करता है, तो उसके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

यह पत्र निदेशक माध्यमिक शिक्षा उत्तराखंड, अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल पौड़ी तथा राजकीय शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष व मंत्री को भी सूचनार्थ प्रेषित किया गया है।

शिक्षा विभाग के इस फैसले से विद्यालयों में अनुशासन और शैक्षिक वातावरण को बनाए रखने में मदद मिलेगी, वहीं अनावश्यक दखलंदाजी से शिक्षकों व छात्रों को राहत मिलेगी।


कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.