Super money

मई में मिलेंगे नियुक्ति पत्र: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में – रेखा आर्य

 देहरादून। 

उत्तराखंड में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्यभर में चल रही लगभग 7 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने जानकारी दी कि 20 अप्रैल 2025 तक भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, और मई माह की शुरुआत में चयनित महिलाओं को नियुक्ति पत्र सौंप दिए जाएंगे।


रेखा आर्य ने मंगलवार को विधानसभा भवन स्थित सभागार में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने बताया कि प्रदेश की नई महिला नीति लगभग तैयार है और इसे अगली कैबिनेट बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना में किए गए संशोधनों को भी जल्द कैबिनेट से मंजूरी दिलाने की बात कही गई।


मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि नियुक्त होने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नई तकनीकी सुविधाएं दी जाएंगी। सभी को नया मोबाइल हैंडसेट व सिम मुहैया कराया जाएगा, जिससे केंद्र स्तर के कार्यों का संचालन डिजिटल रूप से किया जा सके। इसके लिए ₹2000 तक का रिचार्ज एवं इंटरनेट खर्च विभाग द्वारा वहन किया जाएगा।


खिलाड़ियों पर बचपन से निवेश की बात:
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने मंगलवार को दून के पवेलियन ग्राउंड में चल रहे चयन शिविर का निरीक्षण भी किया। यह शिविर मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत आयोजित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपदों में जितने खिलाड़ियों के चयन का लक्ष्य है, उसमें कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि “अगर हम खिलाड़ियों पर उनके बचपन से निवेश करेंगे, तभी भविष्य में हमें अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टार मिल पाएंगे।

बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को अतिरिक्त लाभ देने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ, जिससे वे और अधिक प्रभावी तरीके से कार्य कर सकें।

कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.