लालकुआँ: फेरी-रेहड़ी चालकों का आधार सत्यापन और CSC सेंटरों पर औचक निरीक्षण
लालकुआँ (हल्द्वानी)। क्षेत्र में फेरी, रेहड़ी लगाने वाले दुकानदारों और टैक्सी चालकों के सत्यापन को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। सोमवार को तहसीलदार लालकुआँ कुलदीप पांडेय के नेतृत्व में विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस बल के सहयोग से फेरी, रेहड़ी और टैक्सी चालकों के आधार कार्ड एवं अन्य पहचान पत्रों का गहन सत्यापन किया गया।
तहसीलदार कुलदीप पांडेय ने मौके पर उपस्थित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को नियमित रूप से जारी रखा जाए ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके और अवांछनीय गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसे सघन सत्यापन अभियानों का संचालन नियमित अंतराल पर किया जाएगा। इससे स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही असामाजिक तत्वों पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा।
अभियान के दौरान कई फेरी और टैक्सी चालकों के दस्तावेज मौके पर ही जांचे गए और जिनके कागजातों में कमियां पाई गईं, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर दस्तावेज अद्यतन कराने के निर्देश दिए गए। प्रशासन द्वारा यह भी कहा गया कि सत्यापन में कोई भी चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी और फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
CSC सेंटरों का भी हुआ औचक निरीक्षण
इसी क्रम में, तहसीलदार कुलदीप पांडेय ने क्षेत्र के विभिन्न CSC (कॉमन सर्विस सेंटर) का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान CSC संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वह अपने केंद्रों पर सेवाओं की रेट लिस्ट को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें ताकि आम नागरिकों को पारदर्शी ढंग से सेवाएं मिल सकें। साथ ही, सेंटरों में ग्राहकों से लिए जाने वाले शुल्क एवं दी जाने वाली सेवाओं की सूची का पालन सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया।
तहसीलदार ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी CSC संचालक द्वारा फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किए जाते हैं या CSC ID का दुरुपयोग कर फर्जी प्रमाण पत्र अथवा अभिलेख अपलोड किए जाते हैं, तो उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में अभियोग दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान राजस्व निरीक्षक मनोज कुमार, राजस्व उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण यादव, राजस्व उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद और कांस्टेबल आनंद पूरी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभिन्न CSC केंद्रों पर उपलब्ध सेवाओं की गुणवत्ता और रिकॉर्ड संधारण की भी समीक्षा की।
प्रशासन का यह कदम क्षेत्र में सुशासन स्थापित करने और नागरिक सेवाओं को पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि ऐसे अभियान नियमित रूप से चलते रहेंगे जिससे समाज में सुरक्षा और व्यवस्था कायम रह सके।

Post a Comment