Super money

देहरादून पुलिस के शिकंजे में आया अर्न्तराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह, 6 आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों की लेन-देन का खुलासा

देहरादून

देहरादून पुलिस ने आईपीएल मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी करने वाले एक अर्न्तराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई SSP देहरादून अजय सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसके तहत राजपुर थाना क्षेत्र के कोजी नेस्ट होम स्टे, जीआरडी कॉलेज के निकट एक फ्लैट में दबिश दी गई। मौके पर चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच चल रहे मैच में सट्टा लगाते हुए आरोपी पकड़े गए।

पुलिस की कार्रवाई में गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 02 लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, 5 लाख 33 हजार रुपए नगद और सट्टेबाजी से संबंधित अन्य सामग्री बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे दिल्ली से देहरादून आए थे और यह पूरा सट्टा नेटवर्क दुबई से संचालित हो रहा था।

गिरफ्तार आरोपी और उनकी पहचान

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान निम्नानुसार की गई है:

  1. चेतन शर्मा पुत्र स्व. लब्बा राम शर्मा – निवासी जी 10 अरुणा नगर, मजनू का टीला, थाना सिविल लाइन, नॉर्थ दिल्ली।

  2. शक्ति सिंह पुत्र कौशल सिंह चौहान – निवासी मकान नंबर 54, फर्स्ट फ्लोर, बैंक साइड, केवल पार्क एक्सटेंशन, आजादपुर, थाना आदर्श नगर, नॉर्थ दिल्ली।

  3. धीरज शर्मा पुत्र स्व. अशोक शर्मा – निवासी डी-60, खजूरी खास, थाना खजूरी, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली।

  4. निशांत पुत्र राजकुमार – निवासी नवाडा हाउसिंग कॉम्प्लेक्स, द्वारका मोड़, दिल्ली।

  5. करण पुत्र अनिल कुमार – निवासी 54/11028 संत नगर, करोल बाग, दिल्ली।

  6. सोहन सिंह पुत्र पुष्कर सिंह – निवासी फ्लैट नंबर 618, कृषि अपार्टमेंट, विकासपुरी, दिल्ली।

दुबई से ऑपरेट हो रहा था पूरा नेटवर्क

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह दुबई से संचालित सट्टेबाजी नेटवर्क के तहत काम कर रहा था। आरोपी ऑनलाइन सट्टा खिलाने के लिए ‘सुपरस्ट्रीम ऑनलाइन’ और ‘लाइन गुरु’ नामक प्रतिबंधित साइट्स का इस्तेमाल कर रहे थे। ग्राहकों को एक लिंक भेजा जाता, जिसे क्लिक करने पर एक नंबर मिलता। उस नंबर को व्हाट्सएप से लिंक कर आरोपी ग्राहक से संपर्क करते और उसके नाम से एक व्हाट्सएप डाटाबेस तैयार करते।

इसके बाद ग्राहक को डिपॉजिट स्लिप भेजी जाती जिसमें बैंक डिटेल होती। पेमेंट के बाद ग्राहक को एक आईडी और पासवर्ड दिया जाता जिससे वह गूगल क्रोम के माध्यम से वेबसाइट पर लॉगइन कर सट्टा लगाता। जीतने की स्थिति में आरोपी व्हाट्सएप के जरिये संपर्क कराकर ग्राहक से ऑनलाइन विड्रॉल फार्म भरवाते और फिर राशि खाते में ट्रांसफर करते या नकद भुगतान करते।

पिछले एक माह में करोड़ों का लेनदेन

पुलिस को जांच में पता चला है कि इन आरोपियों के बैंक खातों में पिछले एक महीने में करोड़ों रुपए का ट्रांजैक्शन हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों ने यह भी बताया कि आईपीएल मैच में 5 लाख 33 हजार रुपए की राशि तो उसी दिन इकट्ठी हो गई थी और पूरे मैच में लगभग एक करोड़ रुपये का कलेक्शन किया जाना था। लेकिन इससे पहले ही पुलिस की सटीक कार्रवाई से उन्हें दबोच लिया गया।

अपराधियों को थी देहरादून पुलिस से डर

पूछताछ में एक आरोपी ने बताया कि उनके जानकारों ने पहले ही उन्हें चेताया था कि सट्टा खिलवाने कहीं भी चले जाना लेकिन देहरादून मत जाना, क्योंकि देहरादून पुलिस से बचना मुश्किल है। यह बात उनकी गिरफ्तारी से भी साफ होती है।

बरामद सामग्री

  • 02 लैपटॉप

  • 17 मोबाइल फोन

  • 02 मोबाइल चार्जर व डाटा केबल

  • विभिन्न कंपनियों के लैपटॉप चार्जर

  • 03 नोटपैड

  • ₹5,33,500 नगद

कानूनी कार्रवाई
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना राजपुर में जुआ अधिनियम की धारा 3/4 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही, जिन बैंक खातों का उपयोग सट्टेबाजी में किया गया, उन्हें भी सीज कर दिया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और दुबई कनेक्शन की भी जांच कर रही है।

इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि देहरादून पुलिस ऑनलाइन अपराधों के खिलाफ पूरी तरह सतर्क है और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.