अजय कुमार बने किसान-मजदूर यूनियन (क्रान्ति) के नैनीताल जिलाध्यक्ष (युवा मोर्चा)
धारी/नैनीताल:
क्षेत्र के सक्रिय जनप्रतिनिधि और मजेला ग्राम पंचायत के वर्तमान सरपंच अजय कुमार को भारतीय किसान मजदूर यूनियन (क्रान्ति) के जिलाध्यक्ष (युवा मोर्चा), नैनीताल पद पर मनोनीत किया गया है।भारतीय किसान मजदूर यूनियन (क्रान्ति) ने उत्तराखंड में संगठन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जनपद नैनीताल निवासी अजय कुमार को जिलाध्यक्ष (युवा मोर्चा) पद की जिम्मेदारी सौंपी है। अजय कुमार मूल रूप से धारी ब्लॉक के ग्राम अघरिया ग्वालाकोट, धानचूली के निवासी हैं।
यह नियुक्ति यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदेश सैनी द्वारा जारी प्रमाण-पत्र के माध्यम से की गई है। संगठन ने अजय कुमार से आशा जताई है कि वे अपने क्षेत्र के किसानों और मजदूरों की समस्याओं को लेकर सक्रियता से कार्य करेंगे और उनके अधिकारों की रक्षा हेतु संघर्ष करेंगे।
संगठन की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि अजय कुमार की नियुक्ति से नैनीताल जनपद में संगठन की जड़ें और अधिक मजबूत होंगी। साथ ही युवा वर्ग में संगठन की पहुंच बढ़ेगी और किसान-मजदूरों की आवाज और बुलंद होगी।
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय कुमार ने कहा, "मैं संगठन का आभार व्यक्त करता हूँ और वादा करता हूँ कि अपने क्षेत्र के किसानों और मजदूरों की आवाज़ को आगे तक पहुँचाऊँगा। ग्राम पंचायत में सरपंच रहते हुए जो अनुभव मिला है, उसे अब जिला स्तर पर जनसेवा के लिए उपयोग करूँगा।"
भारतीय किसान मजदूर यूनियन (क्रान्ति), एक पंजीकृत संगठन है जो वर्षों से देश के विभिन्न हिस्सों में किसानों और मजदूरों के हक में आंदोलन और सहयोग करता आया है। संगठन ने अजय कुमार को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई है कि वे निष्ठा और समर्पण से संगठन की जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।


Post a Comment