भीषण सड़क हादसा: इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन गंभीर रूप से घायल, दोनों पैर व हाथ में फ्रैक्चर
उत्तराखंड के चंपावत निवासी और इंडियन आइडल सीजन-12 के विजेता पवनदीप राजन रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा दिल्ली-नोएडा जाते समय अमरोहा जनपद के गजरौला क्षेत्र में हुआ, जहां उनकी कार हाईवे पर खड़े एक ट्रक से जा टकराई। दुर्घटना में पवनदीप के दोनों पैर और एक हाथ में फ्रैक्चर हो गया है, साथ ही सिर पर भी चोटें आई हैं।
हादसे के समय पवनदीप के साथ उनके साथी अजय मेहरा और चालक राहुल सिंह भी मौजूद थे, जो इस दुर्घटना में घायल हुए हैं। तीनों को पहले डिडौली के हाईवे स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए नोएडा रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पवनदीप राजन चंपावत जिले के सिलेन टॉक के निवासी हैं और वर्तमान में उत्तराखंड सरकार द्वारा उन्हें राज्य का ब्रांड एंबेसडर भी नियुक्त किया गया है। रविवार रात करीब 2:30 बजे वे अपने साथी अजय और चालक राहुल के साथ कार से नोएडा की ओर रवाना हुए थे। जैसे ही गाड़ी गजरौला क्षेत्र के चौपला चौराहा ओवरब्रिज से नीचे उतरी, तभी सीओ कार्यालय के सामने हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी।
हादसे की मुख्य वजह ड्राइवर को नींद की झपकी आना मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि चालक राहुल सिंह को झपकी आई, जिसके चलते कार की रफ्तार पर नियंत्रण नहीं रह पाया और वह ट्रक में जा भिड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पवनदीप की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत ICU में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनके दोनों पैरों में फैक्चर हुआ है और सिर पर भी गहरी चोट आई है।
सूचना मिलते ही पवनदीप के परिजन अस्पताल पहुंच गए और प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें नोएडा के एक बड़े अस्पताल में ले जाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मौके पर पहुंचे सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई तहरीर मिलने पर की जाएगी।
घटना के बाद से पवनदीप राजन के प्रशंसकों में चिंता की लहर है। सोशल मीडिया पर लोग उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। उत्तराखंड के सांस्कृतिक गौरव माने जाने वाले पवनदीप की यह दुर्घटना संगीत जगत के लिए भी एक बड़ा झटका है।
यह दुर्घटना एक बार फिर से हाईवे पर सावधानी बरतने और रात के सफर में ड्राइवर की सतर्कता के महत्व को रेखांकित करती है।


Post a Comment