सीएम धामी की चेतावनी—'उत्तराखंड की अस्मिता से समझौता नहीं'
कुमाऊं कनेक्शन रिपोर्ट | हल्द्वानी/देहरादून
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवभूमि उत्तराखंड की गरिमा और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए अपराध और अराजकता के खिलाफ दो टूक चेतावनी दी है। नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिलों में हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने शासकीय आवास पर उच्चाधिकारियों के साथ आपात बैठक कर कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराधियों पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और राज्य में किसी भी सूरत में अराजकता को पनपने न दिया जाए।
पीड़िता को सुरक्षा, अफवाहबाजों पर सख्ती
मुख्यमंत्री धामी ने नैनीताल की पीड़िता को हर संभव सुरक्षा देने और उसके परिवार को संपूर्ण सहयोग देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी कहा कि मामले में पूरी संवेदनशीलता बरती जाए और हर स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। सरकार पीड़िता और उसके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
साथ ही, मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कीमत पर राज्य में सांप्रदायिक या सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सीएम धामी का सख्त संदेश: उत्तराखंड की अस्मिता सर्वोपरि
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए एक सख्त और स्पष्ट संदेश दिया—“देवभूमि में अपराधियों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।”
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पवित्र भूमि की अस्मिता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी व्यक्ति या संगठन राज्य की एकता और अखंडता को तोड़ने का दुस्साहस करेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
वैरिफिकेशन अभियान तेज करने के निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश में वैरिफिकेशन अभियान को और अधिक तेज करने का आदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि बाहरी व्यक्तियों, किराएदारों और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों की समय-समय पर जांच जरूरी है ताकि आपराधिक तत्वों को समय रहते चिह्नित किया जा सके। पुलिस और प्रशासन को इस दिशा में अभियान चलाकर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।
'शांति के साथ, सख्ती भी जरूरी' — धामी सरकार की नीति स्पष्ट
मुख्यमंत्री धामी का यह संदेश राज्यवासियों को आश्वस्त करता है कि उत्तराखंड सरकार न सिर्फ शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि आवश्यक होने पर कठोर निर्णय लेने से भी पीछे नहीं हटेगी। उनका यह रुख बताता है कि चाहे वह कानून व्यवस्था हो, महिला सुरक्षा, या राज्य की सांस्कृतिक पहचान—सरकार हर मोर्चे पर सतर्क और सक्रिय है।
राजनीतिक और सामाजिक हलकों में समर्थन
मुख्यमंत्री के इस सख्त रुख की सराहना करते हुए विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने कहा कि उत्तराखंड में हाल के वर्षों में बाहरी गतिविधियों और अपराधों में इजाफा देखा गया है, जिस पर अब सख्ती जरूरी हो गई थी। सीएम धामी के नेतृत्व में राज्य प्रशासन की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई लोगों में विश्वास पैदा कर रही है।




Post a Comment