चुनावी माहौल में शराब बांटने की साजिश नाकाम, भीमताल में तस्कर गिरफ्तार
भीमताल (नैनीताल)। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए नैनीताल जनपद पुलिस द्वारा लगातार निगरानी व चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भीमताल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक व्यक्ति को भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 19 जुलाई 2025 को पुलिस टीम द्वारा भीमताल क्षेत्र के हरिनगर, सलड़ी के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। जब पुलिस टीम ने उसे रोका और तलाशी ली, तो उसके पास से कुल 102 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पूछताछ करने पर आरोपी शराब को चुनाव के दौरान खपत के उद्देश्य से इधर-उधर पहुंचाने की फिराक में था।
गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान ललित आर्या पुत्र जगदीश चन्द्र आर्या, निवासी गौलापार, निकट स्टेडियम, तल्ला मल्ला बागजाला, थाना काठगोदाम, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। अभियुक्त की उम्र 30 वर्ष बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध थाना भीमताल में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को लेकर भीमताल क्षेत्र के लोगों ने पुलिस प्रशासन की सराहना की है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि चुनाव से पहले इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार के प्रलोभन या दबाव से बचाया जा सके।
नैनीताल पुलिस अधीक्षक द्वारा पहले ही जनपद में विशेष निगरानी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग चुनाव से पहले आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित कराने, शराब, नकदी और अन्य प्रलोभनों के ज़रिए मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिशों को रोकने के लिए कड़ी सतर्कता बरत रहा है।
बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति इससे पूर्व भी संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त रहा है। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास शराब कहां से आई, और इसका नेटवर्क कितना बड़ा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इसमें किसी राजनीतिक व्यक्ति या समूह की संलिप्तता है।
इस बीच, नैनीताल पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी शराब, नकदी, या अन्य किसी प्रकार के चुनाव संबंधी प्रलोभन देने की सूचना मिलती है, तो वे तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस प्रकार की कार्यवाहियों से यह स्पष्ट है कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सजग है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Post a Comment