Super money

भीमताल में शराब की दुकानों पर ओवर रेटिंग का भंडाफोड़, SDM ने किया रियलिटी चेक

भीमताल (नैनीताल)।

जिले के भीमताल क्षेत्र में शराब की दुकानों पर एम.आर.पी. से अधिक दाम वसूलने की शिकायतों पर प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम नैनीताल नवाजिश खलिक ने खुद ग्राहक बनकर जांच की और दुकानों की हकीकत उजागर की।

जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से मिल रही शिकायतों के आधार पर जिलाधिकारी वंदना सिंह ने जांच के निर्देश दिए थे। निर्देश के बाद एसडीएम नवाजिश खलिक ने भीमताल क्षेत्र की एक शराब की दुकान में ग्राहक बनकर खरीदारी की। जैसे ही सेल्समैन ने बोतल पर ओवर रेट लिया, एसडीएम ने तुरंत अपनी पहचान उजागर की, जिससे दुकान कर्मियों में हड़कंप मच गया।

जांच के दौरान दुकान पर कई अनियमितताएं पाई गईं। स्टॉक रजिस्टर अद्यतन नहीं था और उपभोक्ताओं से डेबिट/क्रेडिट कार्ड के जरिए अतिरिक्त चार्ज वसूला जा रहा था, जो नियमों के खिलाफ है। एसडीएम ने मौके पर दस्तावेजों की जांच की और संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा।

एसडीएम ने मामले की रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी और जिला आबकारी अधिकारी को सौंप दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं से अधिक मूल्य लेना कानूनन अपराध है और भविष्य में इस प्रकार की किसी भी शिकायत को सख्ती से निपटाया जाएगा।

"एम.आर.पी. से अधिक पैसा लेना गैरकानूनी है, और इस पर सख्त कार्रवाई होगी," – एसडीएम नवाजिश खलिक



कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.