https://KumaonBazaar.com

शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत का अल्टीमेटम – नियमावली बनाओ, भर्ती करो, नहीं तो भुगतो परिणाम

देहरादून। उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) की नियमावली अब तक तैयार न होने पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने इसे विभाग की “लापरवाही की पराकाष्ठा” बताते हुए शिक्षा सचिव को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्मिक विभाग से समन्वय कर नियमावली बनाने में आ रही बाधाओं को तुरंत दूर किया जाए।

शुक्रवार को विधानसभा स्थित सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि SCERT और डायट्स की नियमावली हर हाल में एक माह के भीतर तैयार कर कैबिनेट में प्रस्तुत की जाए। उन्होंने चार वर्षों से नियमावली लंबित होने पर हैरानी जताते हुए अधिकारियों को कड़ी फटकार भी लगाई।

रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती के आदेश

बैठक में शिक्षा मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि SCERT और डायट्स में लंबे समय से खाली पड़े शैक्षिक एवं अर्द्ध-शैक्षिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 13 डायट्स में प्रवक्ता के 221 पद रिक्त हैं, जिन पर भर्ती के लिए अधियाचन राज्य लोक सेवा आयोग को भेजा जाएगा।

जब तक चयनित अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हो जाते, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत ऐसे प्रवक्ताओं को डायट्स में तैनात किया जाएगा, जिनके विषयों में विद्यालयों में छात्र संख्या शून्य है।

वरिष्ठ प्रवक्ता और अन्य पद भी खाली

डॉ. रावत ने जानकारी दी कि वर्तमान में डायट्स में 69 वरिष्ठ प्रवक्ता और 53 प्रवक्ता के पद रिक्त हैं। वहीं अन्य स्वीकृत पदों पर विभागीय शिक्षकों की तैनाती की जा चुकी है।

बैठक में सचिव विद्यालयी शिक्षा रविनाथ रमन, अपर सचिव रंजना राजगुरू, निदेशक SCERT वंदना गर्ब्याल, अपर निदेशक पदमेन्द्र सकलानी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।



कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.