जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार: धामी सरकार के 562 जनसेवा शिविरों से 4.42 लाख लोग जुड़े, 29 हजार से अधिक शिकायतों का निस्तारण
देहरादून।
प्रदेश के सभी 13 जनपदों में अब तक 562 जनसेवा शिविरों का आयोजन किया जा चुका है, जिनमें 4,42,301 नागरिकों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। इन शिविरों में आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना गया और अधिकांश मामलों में मौके पर ही अथवा समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया गया। इससे शासन-प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
अभियान के अंतर्गत अब तक 43,507 शिकायतें एवं आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 29,363 शिकायतों का सफल निस्तारण किया जा चुका है। यह आंकड़े सरकार की संवेदनशीलता और प्रशासनिक सक्रियता को दर्शाते हैं।
इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा 82,234 प्रमाण-पत्रों (जैसे आय, जाति, निवास आदि) के लिए आवेदन प्राप्त किए गए, जिन पर तेज गति से कार्यवाही की गई। वहीं, राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 2,45,073 से अधिक नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाया गया, जिससे अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित हुई है।
आज प्रदेश में 7 जनसेवा शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें 5,910 नागरिकों ने सहभागिता की। यह निरंतरता इस बात का प्रमाण है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार जमीनी स्तर पर काम कर रही है।



Post a Comment