Super money

बेमौसमी बारिश से प्रभावित किसानों को राहत की मांग, कांग्रेस नेताओं ने मंडी सचिव से की मुलाकात

 भीमताल,

भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले धारी, ओखलखंडा, रामगढ़ एवं भीमताल जैसे पूर्णतः कृषि आधारित क्षेत्रों में पिछले कई वर्षों से बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि के कारण किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस क्षेत्र के किसान काश्तकार मुख्य रूप से फल, सब्जी एवं अन्य फसलों के उत्पादन पर निर्भर हैं, किंतु प्राकृतिक आपदाओं के चलते उनकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है

इन परिस्थितियों में किसानों को मंडी स्तर से किसी प्रकार की ठोस सहायता न मिलने को लेकर भीमताल विधानसभा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा एवं कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष भुवन सिंह दरमवाल ने मंडी समिति हल्द्वानी के सचिव दिग्विजय सिंह देव से मुलाकात कर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया और एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि किसान ही मंडी व्यवस्था की नींव हैं, इसलिए आपदा की स्थिति में किसानों की सहायता करना मंडी समिति की भी जिम्मेदारी बनती है। उन्होंने मांग की कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों का चिन्हीकरण किया जाए तथा उन्हें दवा, बीज एवं कृषि यंत्र निशुल्क उपलब्ध कराए जाएँ, ताकि किसान दोबारा खेती की ओर लौट सकें।

यह भी पढ़े...दो माह से वेतन नहीं मिलने पर भड़के रोडवेज कर्मचारी, हाथ में काली पट्टी बांधकर हल्द्वानी डिपो में किया प्रदर्शन

इसके साथ ही दूरस्थ एवं पहाड़ी क्षेत्रों में मंडी समिति द्वारा संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, किसानों को उन्नत किस्म के बीज एवं कृषि दवाइयों की जानकारी देने हेतु शिविर आयोजित करने की भी मांग रखी गई। नेताओं ने यह भी कहा कि मंडी परिसर स्थित किसान विश्राम गृह में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था हो तथा विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले किसानों के लिए ठहरने की प्रक्रिया सरल बनाई जाए

ज्ञापन में कुछ बहुउद्देशीय किसान हितकारी योजनाओं को तत्काल लागू करने की भी मांग की गई, जिससे किसानों को सीधे राहत मिल सके।

इस अवसर पर मंडी समिति के सचिव दिग्विजय सिंह देव ने कांग्रेस नेताओं को आश्वस्त किया कि ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक एवं उचित कार्यवाही की जाएगी, ताकि किसानों को राहत मिल सके।



कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.