दो माह से वेतन नहीं मिलने पर भड़के रोडवेज कर्मचारी, हाथ में काली पट्टी बांधकर हल्द्वानी डिपो में किया प्रदर्शन
हल्द्वानी।
कर्मचारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लगातार वेतन भुगतान में हो रही देरी से उनका पारिवारिक और आर्थिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बच्चों की पढ़ाई, घर का किराया, बिजली-पानी के बिल और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है, लेकिन इसके बावजूद निगम प्रबंधन इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही लंबित वेतन का भुगतान नहीं किया गया और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी निगम प्रबंधन और शासन की होगी।
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष मंत्री श्री आर.एस. नेगी ने कहा कि रोडवेज कर्मचारी दिन-रात जनता की सेवा में लगे रहते हैं, लेकिन बदले में उन्हें समय पर वेतन तक नहीं मिल पा रहा है। यह स्थिति किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। वहीं तत्कालीन क्षेत्रीय मंत्री श्री उमेश जोशी ने कहा कि निगम प्रबंधन कर्मचारियों के धैर्य की परीक्षा न ले, अन्यथा बड़े स्तर पर आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
इस मौके पर शाखा अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यह प्रदर्शन केवल चेतावनी है। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो कार्य बहिष्कार सहित बड़े कदम उठाए जाएंगे।
प्रदर्शन में मोहन सिंह बोरा, आनंदी शुक्ला, गगन जोशी, के.एन. तिवारी, भूवन जीना, राजीव भट्ट, सुभाष पांडे, दिनेश कुमार, पंकज सिंह, धर्मवीर, सुनील सेन, गिरीश दानी, हर्षित सहित बड़ी संख्या में रोडवेज कर्मचारी मौजूद रहे।
कर्मचारियों ने एक सुर में मांग की कि लंबित वेतन का तत्काल भुगतान किया जाए और भविष्य में वेतन समय पर देने की ठोस व्यवस्था बनाई जाए, ताकि उन्हें बार-बार सड़क पर उतरकर प्रदर्शन न करना पड़े।


Post a Comment