Super money

भीमताल की सौम्या गर्ब्याल बनीं IAS, UPSC में 822वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का मान

भीमताल (नैनीताल)

 उत्तराखंड के लिए गर्व की खबर सामने आई है। भीमताल निवासी सौम्या गर्ब्याल ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में 822वीं रैंक हासिल कर आईएएस अधिकारी बनने का गौरव प्राप्त किया है। उनके इस शानदार चयन से पूरे भीमताल क्षेत्र के साथ-साथ नैनीताल जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है।

संघ लोक सेवा आयोग द्वारा शुक्रवार को जारी सिविल सेवा परीक्षा के अंतिम परिणाम में सौम्या गर्ब्याल का चयन आईएएस के लिए हुआ। खास बात यह है कि सौम्या पहले से ही प्रशासनिक सेवा में कार्यरत हैं और वर्तमान में अल्मोड़ा जिले की भनौली, जैती और लमगड़ा तहसील में एसडीएम (उप जिलाधिकारी) के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। आईएएस बनने के बाद उनकी उपलब्धि को क्षेत्र के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।

सौम्या गर्ब्याल मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र के गर्ब्यांग गांव की रहने वाली हैं, जबकि वर्तमान में उनका परिवार भीमताल में निवास करता है। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं में भी नई प्रेरणा देखने को मिल रही है।

उत्तराखंड में 9 से 13 मार्च तक ‘महिला आयोग आपके द्वार’ अभियान, 13 जिलों में होगी महिला जनसुनवाई -

सौम्या का शैक्षणिक और प्रतियोगी परीक्षाओं का सफर भी काफी शानदार रहा है। इससे पहले वर्ष 2024 में उन्होंने उत्तराखंड पीसीएस परीक्षा में 10वीं रैंक प्राप्त की थी और प्रशासनिक सेवा में चयनित हुई थीं। अब यूपीएससी में सफलता हासिल कर उन्होंने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है।

उनके परिवार में भी शिक्षा और सेवा का अच्छा माहौल है। उनकी माता बीना गर्ब्याल नैनीताल के अभिसूचना विभाग में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनके पिता देव सिंह गर्ब्याल हैं। उनकी बड़ी बहन साक्षी गर्ब्याल भी बैंकिंग क्षेत्र में कार्यरत हैं और वर्तमान में महाराष्ट्र बैंक, पीलीभीत में मैनेजर के पद पर अपनी सेवाएं दे रही हैं।

सौम्या की इस सफलता पर भीमताल और आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी उपलब्धि से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है और यह युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।


कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.