भीषण गर्मी का कहर! उत्तराखंड के इस जिले में 27 अप्रैल को स्कूल बंद।
देहरादून,
लगातार बढ़ते तापमान और हीट वेव के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून द्वारा जारी आदेश के अनुसार 27 अप्रैल 2026 (सोमवार) को जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
यह निर्णय भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और एनडीएमए की चेतावनियों के आधार पर लिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में जनपद में अत्यधिक तापमान और हीट वेव जैसी स्थिति बनी हुई है, जो 27 अप्रैल को और गंभीर हो सकती है। ऐसे में बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।
प्रशासन ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि अत्यधिक गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए। इसी को ध्यान में रखते हुए एहतियात के तौर पर एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
इसके अलावा मुख्य चिकित्साधिकारी को भी निर्देशित किया गया है कि जनपद के सभी अस्पतालों में हीट वेव से प्रभावित मरीजों के लिए पर्याप्त चिकित्सा व्यवस्था, ठंडा पेयजल, ORS और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और गर्मी से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाएं।

Post a Comment