Super money

देहरादून में विधानसभा कूच को उतरे वोकेशनल ट्रेनर्स, सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

देहरादून |

राजधानी देहरादून में आज विधानसभा सत्र के दौरान व्यावसायिक प्रशिक्षकों का आक्रोश खुलकर सामने आया। पिछले कई दिनों से धरने पर बैठे सैकड़ों वोकेशनल ट्रेनर्स ने आज विधानसभा कूच का ऐलान करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने “व्यावसायिक शिक्षा बहाल करो” और “प्रशिक्षकों को वापस लो” जैसे नारे लगाते हुए सरकार से तत्काल निर्णय लेने की मांग की। प्रशिक्षकों का कहना है कि यह मुद्दा केवल उनकी नौकरी का नहीं, बल्कि हजारों छात्रों के भविष्य से जुड़ा हुआ है।

जोरदार नारेबाजी, फिर सौंपा ज्ञापन

विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रशिक्षकों को पुलिस ने बीच में रोकते हुए उन्हें शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन देने के लिए कहा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। प्रशासन द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वापस धरना स्थल पर छोड़ दिया।

200 स्कूलों में शिक्षा ठप

वोकेशनल ट्रेनर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष तुषार पांडे ने बताया कि 31 मार्च 2026 को महानिदेशक के आदेश के बाद प्रदेश के करीब 200 विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा को अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है।

उत्तराखंड में स्कूलों की नई टाइमिंग लागू, सरकार ने जारी किया संशोधित आदेश -

इस निर्णय से न केवल सैकड़ों प्रशिक्षकों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हुआ है, बल्कि पंजीकृत विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि कौशल आधारित शिक्षा रुकने से छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

एसोसिएशन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस आंदोलन में प्रशिक्षकों के साथ-साथ छात्र-छात्राएं और अभिभावक भी शामिल हो सकते हैं। प्रशिक्षकों ने कहा कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो यह आंदोलन पूरे प्रदेश में व्यापक रूप ले सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

गौरतलब है कि व्यावसायिक प्रशिक्षक पिछले कई दिनों से देहरादून में धरने पर बैठे हैं और अपनी मांगों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। अब विधानसभा सत्र के दौरान किए गए इस प्रदर्शन ने इस मुद्दे को और अधिक गंभीर बना दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.