नैनीताल: धानाचूली में गरीब सब्जी विक्रेता के समर्थन में उतरे ग्रामीण, 2 जुलाई को धारी में शांतिपूर्ण धरने का ऐलान
धारी (नैनीताल)।
नैनीताल जिले के धानाचूली क्षेत्र में गरीब फल एवं सब्जी विक्रेता ओमप्रकाश के ठेले में दूसरी बार आग लगाए जाने के मामले ने अब जन आंदोलन का रूप लेना शुरू कर दिया है। पीड़ित को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर 2 जुलाई को तहसील धारी परिसर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार दो बार हुई आगजनी की घटनाओं ने पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। उनका आरोप है कि अब तक दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
इस मामले में कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने भी घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि एक गरीब व्यक्ति के ठेले में लगातार दूसरी बार आग लगाए जाने की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही पीड़ित ओमप्रकाश को उचित आर्थिक मुआवजा एवं हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की
यह भी पढ़े -1 जुलाई को इस जिले में स्कूल बंद, IMD की चेतावनी के बाद DM का बड़ा फैसला -
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सुरक्षा प्रदान की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
प्रशासन ने पहले ही मामले की जांच जारी होने की बात कही है और आश्वासन दिया है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब सभी की निगाहें 2 जुलाई को होने वाले शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन और उसके बाद प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Post a Comment