Super money

नैनीताल: दूसरी बार गरीब फल सब्जी विक्रेता के ठेले में लगी आग, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा; निष्पक्ष जांच की मांग

धानाचूली (नैनीताल)। 

नैनीताल जनपद के धानाचूली क्षेत्र में सड़क किनारे फल एवं सब्जी का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले एक गरीब व्यक्ति के ठेले और झोपड़ी में दूसरी बार आग लगाए जाने की घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन कर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की।

पीड़ित ओमप्रकाश पुत्र हरिराम, निवासी ग्राम अघरिया, पोस्ट धानाचूली, तहसील धारी, ने कोतवाली मुक्तेश्वर में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि वह पिछले कई वर्षों से धानाचूली तल्ली में सड़क किनारे ठेला लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। उसके परिवार में पांच बेटियां और एक बेटा है तथा पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी पर है।

तहरीर के अनुसार, क्षेत्र  के किसी ग्राम प्रधान एवं वन पंचायत सरपंच द्वारा उसे कई बार उक्त स्थान से ठेला हटाने के लिए कहा गया और विभिन्न विभागों में उसकी शिकायत भी की गई। पीड़ित का आरोप है कि उसे लगातार डराया-धमकाया गया। उसने पहले उपजिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों से सड़क किनारे आजीविका चलाने की अनुमति देने का अनुरोध भी किया था।

पीड़ित का कहना है कि जहां वह ठेला लगाता है, वह स्थान उसकी ग्राम सभा की वन पंचायत के अंतर्गत आता है, जबकि शिकायत करने वाले दूसरे ग्राम सभा से जुड़े हैं। उसका आरोप है कि इसके बावजूद उसे लगातार परेशान किया जाता रहा।

तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि 24 जून 2026 की रात करीब 8 बजे उसके ठेले और झोपड़ी में आग लगा दी गई, जिससे पूरी झोपड़ी जलकर राख हो गई और उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ। पीड़ित ने आशंका जताई है कि पूर्व में मिली धमकियों के चलते यह घटना उन्हीं लोगों द्वारा या उनके कहने पर कराई गई हो सकती है। उसने यह भी बताया कि वह अनुसूचित जाति से है और इस पूरे मामले में अपने साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार होने का आरोप लगाया है।

इसी बीच, शनिवार रात दूसरी बार भी उसके सड़क किनारे लगे छोटे से फल एवं सब्जी के ठेले में आग लगा दी गई, जिसके बाद रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय  जनप्रतिनिधि सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।

मामले की सूचना पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लगातार दूसरी बार हुई आगजनी की घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और गरीबों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.