कौशल विकास, शिक्षा और रोजगार योजनाओं को लेकर सरकार का बड़ा कदम, लॉन्च हुआ ‘मेरी योजना’ ऑडियो संस्करण
देहरादून,
पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार की गई ‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो क्लिप का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तक में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं को एक ही स्थान पर संकलित किया गया है, जिससे आम नागरिकों को योजनाओं की जानकारी सरलता और सहजता से उपलब्ध हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं के साथ-साथ स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया को बेहद सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विभाग लगातार नवाचार करें और शासनादेशों को भी आमजन की समझ के अनुरूप सरल भाषा में जारी किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के सर्वाधिक कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। उनके नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार नई नीतियों और कानूनों के माध्यम से देश की प्रगति को मजबूत आधार प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड को विशेष सहयोग प्राप्त हुआ है। केंद्र सरकार द्वारा राज्य के विकास कार्यों के लिए निरंतर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके परिणामस्वरूप सड़क, रेल, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों तक भी विकास की पहुंच सुनिश्चित हुई है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की कार्यशैली के कारण प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और प्रति व्यक्ति आय में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य सरकार मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, महक क्रांति योजना, एरोमा वैली, मिशन एप्पल तथा अन्य रोजगारपरक योजनाओं के माध्यम से युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार एवं आजीविका के नए अवसर उपलब्ध करा रही है।
इस अवसर पर सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन दीपक कुमार ने कहा कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक का ऑडियो संस्करण आकाशवाणी सहित अन्य रेडियो स्टेशनों पर प्रसारित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभाग अब तक इस पुस्तक के चार संस्करण प्रकाशित कर चुका है और इसका डिजिटल संस्करण भी जारी किया जा चुका है।
कार्यक्रम में बंशीधर तिवारी भी उपस्थित रहे।


Post a Comment