शिक्षा मंत्री ने समग्र शिक्षा की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, डिजिटल लाइब्रेरी और स्मार्ट क्लास के कार्यों में तेजी लाने पर जोर
देहरादून।
शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने गुरुवार को विद्यालयी शिक्षा महानिदेशालय स्थित समग्र शिक्षा सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित योजनाओं, लंबित कार्यों तथा शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समग्र शिक्षा के तहत चल रही सभी योजनाओं और लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल लाइब्रेरी, आईसीटी क्लासेस और स्मार्ट क्लास से जुड़े कार्यों में तेजी लाई जाए तथा इन्हें जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए।
समीक्षा बैठक में माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में शिक्षकों की वरिष्ठता से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिक्षकों की विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) के प्रस्ताव तत्काल राज्य लोक सेवा आयोग को भेजे जाएं, ताकि लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जा सके।
इसके अलावा शिक्षकों की स्थानांतरण प्रक्रिया को भी पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए सभी कार्यों में तेजी लाई जाए और नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा की जाए।
बैठक में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं समग्र शिक्षा से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।


Post a Comment