Super money

बच्चों और अभिभावकों के लिए बड़ी खबर! कल जिले के सभी स्कूल बंद।

नैनीताल, 9 जुलाई 2026।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) देहरादून द्वारा जारी 'टेक एक्शन' (Take Action) चेतावनी के बाद नैनीताल जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।

जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देश पर जारी आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग ने जिले में बहुत भारी से अत्यंत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज से अत्यंत तेज वर्षा होने की संभावना जताई है। लगातार हो रही बारिश के कारण जिले की नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।

प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी को देखते हुए यह निर्णय एहतियात के तौर पर लिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई भी की जा सकती है।

प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करें तथा जिला प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.