Super money

किसान इंटर कॉलेज लालपुर में आयोजित हुई द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग 2026, जूनियर वर्ग में अंशवीर और सीनियर वर्ग में अनुज गंगवार रहे प्रथम

ऊधम सिंह नगर, 16 सितंबर 2026।

किसान इंटर कॉलेज लालपुर में बुधवार को द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक वातावरण में किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, तार्किक सोच और त्वरित निर्णय क्षमता को विकसित करना रहा।

प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग (कक्षा 6 से 8) में 18 तथा सीनियर वर्ग (कक्षा 9 से 12) में 20 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ किसान इंटर कॉलेज लालपुर के प्रधानाचार्य श्री फ़ैज़ अहमद खान ने दीप प्रज्वलित कर किया।

स्क्रीनिंग परीक्षा के बाद विभिन्न चरणों में हुई प्रतियोगिता

प्रतियोगिता के प्रथम चरण में जूनियर एवं सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों की स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की गई। स्क्रीनिंग परीक्षा के प्रदर्शन के आधार पर दोनों वर्गों से 10-10 विद्यार्थियों का अगले चरण के लिए चयन किया गया।

इसके बाद चयनित विद्यार्थियों के बीच विभिन्न चरणों में रोचक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिता कराई गई। इसमें MCQ राउंड, विजुअल राउंड, वीडियो राउंड, रैपिड फायर राउंड और बजर राउंड शामिल रहे।

प्रत्येक राउंड में विद्यार्थियों से विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं सामान्य वैज्ञानिक अवधारणाओं से जुड़े प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने अपनी वैज्ञानिक जानकारी, तार्किक क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता तथा विषय की समझ का प्रदर्शन किया।

जूनियर वर्ग में अंशवीर ने हासिल किया प्रथम स्थान

प्रतियोगिता के अंकों के आधार पर जूनियर वर्ग में भारतीयम इंटरनेशनल स्कूल, लालपुर रुद्रपुर के अंशवीर सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

द्वितीय स्थान पर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आदर्श कॉलोनी रुद्रपुर के निर्मल रहे, जबकि तृतीय स्थान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पंतनगर की जीनत ने हासिल किया।

सीनियर वर्ग में अनुज गंगवार प्रथम

सीनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज चुकटी देवरिया के अनुज गंगवार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

वहीं भारतीयम इंटरनेशनल स्कूल, लालपुर रुद्रपुर के अवहद प्रीत सिंह ने द्वितीय स्थान हासिल किया तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज किच्छा की हेम सुधा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को कार्यक्रम के दौरान पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

शिक्षकों एवं समन्वयकों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में ब्लॉक विज्ञान समन्वयक श्री तारा चंद्र पंत एवं ब्लॉक विज्ञान सह-समन्वयक श्री हिमांशु तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इसके अतिरिक्त श्रीमती प्रभा बर्त्वाल, प्रवक्ता, राजकीय इंटर कॉलेज बरा; श्रीमती कमला गुरुरानी, सहायक अध्यापक, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तुर्का कागौरी; श्रीमती गरिमा जोशी, भारतीयम इंटरनेशनल स्कूल; श्रीमती रवीना जोशी, सहायक अध्यापक, राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगला; श्रीमती ममता तिवारी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पंतनगर; श्रीमती नेहा मौर्य, सहायक अध्यापक, किसान इंटर कॉलेज; श्रीमती अनीता सिंह, सहायक अध्यापक, किसान इंटर कॉलेज तथा श्री प्रमोद कुमार, सहायक अध्यापक, किसान इंटर कॉलेज ने प्रतियोगिता के सफल संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

जिला स्तर पर विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे छह विद्यार्थी

प्रतियोगिता के पश्चात जूनियर वर्ग से तीन और सीनियर वर्ग से तीन विद्यार्थी आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला स्तर की प्रतियोगिता की तिथि एवं अन्य विवरण संबंधित विभाग द्वारा बाद में घोषित किए जाएंगे।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य श्री फ़ैज़ अहमद खान ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, निर्णायकों, शिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के महत्व, नवाचार तथा निरंतर वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए प्रश्न पूछने, तर्क करने, समस्याओं का समाधान खोजने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (UCOST) द्वारा इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन विद्यार्थियों में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से किया जाता है।

कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और उत्साह ने आयोजन को ज्ञानवर्धक एवं रोचक बना दिया।

कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.