Super money

"9 जिलों में दौड़ेगी विज्ञान की गाड़ी, बच्चों को मिलेगा प्रैक्टिकल ज्ञान"

द कुमाऊं कनेक्शन  | देहरादून

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को विज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए प्रदेश के छात्रों को 9 नई मोबाइल साइंस लैब्स समर्पित की। मुख्यमंत्री ने कैम्प कार्यालय परिसर से इन लैब्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।



यह मोबाइल साइंस लैब "लैब ऑन व्हील्स" परियोजना के द्वितीय चरण का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य प्रदेश के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में विज्ञान की पढ़ाई को रोचक और अनुभवात्मक बनाना है।

पहले चरण की सफलता, दूसरे चरण का विस्तार

यूकाॅस्ट (उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद) के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि पहले चरण में चम्पावत, अल्मोड़ा, देहरादून और पौड़ी जिलों में इस योजना का सफल क्रियान्वयन हुआ था। छात्रों और शिक्षकों की उत्साही प्रतिक्रिया को देखते हुए अब इसे प्रदेश के शेष 9 जिलोंउत्तरकाशी, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में शुरू किया गया है।


क्या है "लैब ऑन व्हील्स"

इस योजना के अंतर्गत एक विशेष रूप से तैयार की गई मोबाइल वैन को विज्ञान प्रयोगशाला में बदला गया है। इसमें भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित आदि विषयों के प्रयोगात्मक मॉडल, डेमो, और विज्ञान गतिविधियों के जरिए कक्षा 6 से 10 तक के छात्रों को पाठ्यक्रम आधारित ज्ञान को व्यवहारिक रूप में समझाया जाता है।

विज्ञान को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास

प्रो. पंत के अनुसार, यह योजना मुख्यमंत्री की विज्ञान संचार को बढ़ावा देने की सोच का हिस्सा है, ताकि छात्र केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि वैज्ञानिक सोच विकसित कर सकें।

कार्यक्रम में रही यह उपस्थिति

इस अवसर पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सचिव नितेश झा, साइंस सिटी सलाहकार जी.एस. रौतेला, यूकाॅस्ट के संयुक्त निदेशक डॉ. डी.पी. उनियाल, परियोजना समन्वयक ई. जितेन्द्र कुमार, अमित पोखरियाल, विकास नौटियाल, पुनीत सिंह सहित अगस्त्या इंटरनेशनल के प्रतिनिधि और कई शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

“यह सिर्फ प्रयोगशालाएं नहीं, बल्कि विज्ञान की चलती-फिरती कक्षाएं हैं।”
— मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

 







कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.