Super money

नैनीताल में नो पार्किंग और अतिक्रमण पर चला पुलिस का डंडा, 90 वाहनों के चालान, 13 जब्त

 नैनीताल, न्यूज रिपोर्ट द कुमाऊं कनेक्शन के लिए

नैनीताल। उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद नैनीताल शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुगम बनाने के लिए नैनीताल पुलिस ने रविवार को विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की।

इस अभियान के दौरान नो पार्किंग जोन में खड़े 90 वाहनों का चालान कर कुल 30,400 रुपये संयोजन शुल्क वसूला गया। इसके अलावा 13 वाहनों को क्रेन से उठाकर हटाया गया, जो लंबे समय से सड़क किनारे खड़े थे।

सिर्फ इतना ही नहीं, सड़क किनारे अतिक्रमण करने वाले 15 लोगों के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान काटे गए, जिससे 3750 रुपये का संयोजन शुल्क जमा कराया गया।

पुलिस की यह कार्रवाई नैनीताल उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में की जा रही है। नैनीताल पुलिस लगातार स्थानीय जनता से नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े न करने और अतिक्रमण से बचने की अपील कर रही है।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि आगे भी नियमों का उल्लंघन किया गया तो और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान कोर्ट चालान के तहत 7 मामलों में भी कानूनी कार्रवाई की गई।

द कुमाऊं कनेक्शन आपसे भी अपील करता है—सड़क सुरक्षा और कानून के पालन में सहयोग करें, ताकि हमारा नैनीताल और भी सुंदर और व्यवस्थित बन सके।





कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.