Super money

डॉ. अंबेडकर की जयंती पर हल्द्वानी में उमड़ा जनसैलाब, जय भीम के नारों से गूंजा शहर

हल्द्वानी, 14 अप्रैल 2025

डॉ. भीमराव अंबेडकर की 133वीं जयंती के अवसर पर हल्द्वानी शहर आज पूरी तरह ‘जय भीम’ के नारों से गूंज उठा। बहुजन समाज द्वारा आयोजित भव्य शोभा यात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाबा साहेब के विचारों का प्रचार-प्रसार करना और सामाजिक समानता का संदेश देना था।


यह भव्य शोभा यात्रा सुबह मंगलपड़ाव से शुरू होकर सिंधी चौराहा, कालाढुंगी तिराहा, रोडवेज, एसडीएम कोर्ट, त्रिलोक पेट्रोल पंप, प्रेम टॉकीज, राजपुरा, तिकोनिया, डिग्री कॉलेज तिराहा, कुल्यालपुरा, दोनहरिया, पंचक्की चौराहा होते हुए अंबेडकर पार्क, दामूवादुंगा पहुंची। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग को फूलों, झंडों और बैनरों से सजाया गया था।



शोभा यात्रा में हल्द्वानी के मेयर गजराज बिस्ट बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। साथ ही बहुजन समाज के वरिष्ठ नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।  



यात्रा में शामिल लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधान पहने लोग डीजे की धुन पर झूमते रहे और ‘जय भीम’, ‘बाबा साहेब अमर रहें’ जैसे नारों से माहौल को ऊर्जावान बनाते रहे। कई सामाजिक व सांस्कृतिक झांकियों ने बाबा साहेब के जीवन और योगदान को चित्रित किया।



इस ऐतिहासिक शोभा यात्रा में लाखों की संख्या में आमजन की भागीदारी बताती है कि आज भी बाबा साहेब का संदेश समाज के कोने-कोने में जीवित है। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और ट्रैफिक को सुव्यवस्थित करने के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया।


अंत में अंबेडकर पार्क दामूवादुंगा में सभा का आयोजन हुआ, जहां वक्ताओं ने बाबा साहेब के विचारों को याद करते हुए सामाजिक न्याय, शिक्षा और समानता के महत्व को रेखांकित किया।


(रिपोर्ट – कुमाऊं कनेक्शन)



2 टिप्‍पणियां:

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.