रुद्रपुर अंकित हत्याकांड का खुलासा: पिता ही निकला मासूम का हत्यारा
रुद्रपुर (उत्तराखंड):
शहर को झकझोर देने वाले अंकित हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि मृतक के पिता ने ही की थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डिटेल और मौके से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस कार्यालय में जानकारी देते हुए एसपी क्राइम निहारिका तोमर ने बताया कि मंगलवार को सिडकुल क्षेत्र के एक जंगल में एक किशोर का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव की पहचान 15 वर्षीय अंकित गंगवार, निवासी आजाद नगर, ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि मृतक अंकित का अक्सर अपने पिता देवीदत्त गंगवार से पैसों को लेकर विवाद होता था। देवीदत्त सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करता है और उसे 18 हजार रुपये मासिक वेतन मिलता है। लेकिन अंकित बार-बार उसकी जेब से पैसे चुरा लेता था, जिससे घर में आए दिन तनाव और झगड़े होते रहते थे।
हत्या की रात की कहानी
12 अप्रैल को भी अंकित ने पिता की जेब से 10 हजार रुपये चुरा लिए, जिससे नाराज होकर दोनों में जमकर विवाद हुआ। अगले दिन यानी मंगलवार को देवीदत्त ने अंकित को साइकिल पर बिठाकर सिडकुल क्षेत्र के एक सुनसान मैदान में ले गया और वहीं अपनी ही शर्ट से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह सामान्य ढंग से अपनी ड्यूटी पर चला गया और एक साथी से अपने भतीजे को कॉल करवाया कि "अंकित मैदान में बेहोश पड़ा है।" जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो अंकित की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Post a Comment