Super money

रुद्रपुर में स्कूली छात्र की संदिग्ध हालात में हत्या, पुलिस जांच में जुटी

द कुमाऊं कनेक्शन | रुद्रपुर से रिपोर्ट

उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ट्रांजिट कैंप स्थित गुरुकुल पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले छठी कक्षा के 15 वर्षीय छात्र की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। छात्र का शव मंगलवार सुबह सिडकुल क्षेत्र के एक सुनसान मैदान में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।


मूल रूप से पीलीभीत के बरखेड़ा गांव के निवासी देवदत्त गंगवार वर्तमान में रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में रहते हैं और सिडकुल की देवछाया कंपनी में कार्यरत हैं। उनका बेटा अंकित रोज की तरह मंगलवार सुबह स्कूल जाने के लिए निकला था। पिता देवदत्त ने उसे स्कूल के गेट पर छोड़ा और खुद ड्यूटी पर चले गए। लेकिन अंकित स्कूल में न जाकर घर लौटा और फिर किसी कार्यक्रम में जाने की बात कहकर निकल गया।

करीब साढ़े नौ बजे अंकित के फुफेरे भाई अभिषेक के पास एक अनजान कॉल आया, जिसमें बताया गया कि अंकित सिडकुल क्षेत्र में बेसुध पड़ा है। जब तक परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे, तब तक अंकित की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है। एसपी क्राइम निहारिका तोमर ने बताया कि प्राथमिक जांच में छात्र की गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका है। मामले की जांच के लिए चार टीमों का गठन किया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस कॉल डिटेल्स, सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ के जरिए मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। घटना के बाद स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है।


द कुमाऊं कनेक्शन इस मामले से जुड़े हर अपडेट पर नजर बनाए हुए है।



कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.