Super money

भीमताल में बाघ का हमला: जंगल में चारा लेने गई महिला की मौत, खाई से मिला शव

नैनीताल,भीमताल

भीमताल ब्लॉक से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल गई एक बुजुर्ग महिला की वन्यजीव के हमले में मौत हो गई। महिला बीते करीब 24 घंटे से लापता थी, जिसका शव मंगलवार सुबह जंगल की गहरी खाई से बरामद किया गया। प्रथम दृष्टया हमला बाघ द्वारा किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

चारा लेने गई थी जंगल, लौटकर नहीं आई

जानकारी के अनुसार, भीमताल ब्लॉक के वार्ड नंबर छह, जून स्टेट निवासी गंगा देवी (60 वर्ष) पत्नी राजेंद्र प्रसाद सोमवार सुबह करीब 10 बजे मवेशियों के लिए चारा लेने पास के जंगल गई थीं। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पहले आसपास खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दी गई।

पूरी रात चला सर्च ऑपरेशन

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम, ग्रामीणों और परिजनों ने संयुक्त रूप से जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। देर रात तक तलाश जारी रही, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मंगलवार सुबह फिर से सघन खोजबीन शुरू की गई।

पढ़े पूरी खबर - उत्तराखंड में उपनल कर्मचारियों को बड़ी राहत: न्यूनतम वेतन, महंगाई भत्ता और मानदेय भुगतान पर शासनादेश जारी -

खाई से मिला क्षत-विक्षत शव

मंगलवार सुबह जंगल के भीतर एक गहरी खाई में महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। शरीर पर गहरे घाव और पंजों के निशान पाए गए हैं, जिससे वन्यजीव के हमले की पुष्टि होती है। मौके पर मौजूद वन अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल और घावों के निशान देखकर बाघ के हमले की आशंका जताई जा रही है।

बाघ के हमले की आशंका

पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चनौतिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला बाघ के हमले का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से बाघ की सक्रियता देखी जा रही थी, जिसकी जानकारी वन विभाग को भी दी गई थी।

विधायक ने जताई संवेदना

घटना पर स्थानीय विधायक राम सिंह ने गहरा दुख जताते हुए मृतका के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने वन विभाग को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और वन्यजीवों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश देने की बात कही।

धौलछीना में भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो 20 मीटर खाई में गिरी, दो की मौत

क्षेत्र में दहशत, ग्रामीणों में आक्रोश

घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में आक्रोश है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। परिजन गहरे सदमे में हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि—

  • जंगल और आबादी वाले क्षेत्रों में तत्काल गश्त बढ़ाई जाए

  • ट्रैप कैमरे लगाए जाएं

  • बाघ की मूवमेंट पर नजर रखी जाए

  • ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस और स्थायी इंतजाम किए जाएं

वन विभाग अलर्ट मोड पर

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और बाघ की मौजूदगी की पुष्टि के लिए कैमरे लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों को जंगल में अकेले न जाने और सतर्क रहने की अपील की गई है।



1 टिप्पणी:

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.