Super money

भवाली में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, आरोपी गिरफ्तार, बाजार रहा बंद

भवाली (नैनीताल)।

नगर क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म और उसके गर्भवती होने का मामला सामने आने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, बुधवार को एक महिला अपनी नाबालिग पुत्री को पेट दर्द की शिकायत पर भवाली के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची थी। चिकित्सीय जांच और अल्ट्रासाउंड के दौरान किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी युवक साहिल अहमद, निवासी रेहड़ टमट्यूड़ा, ने किशोरी को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।

घटना की जानकारी गुरुवार को फैलने के बाद कुछ संगठनों ने भवाली कोतवाली का घेराव किया और आक्रोश जताते हुए बाजार बंद कराया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई।

सूचना मिलने पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्रा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाया। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद स्थिति शांत हुई।

एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्रा ने कहा कि, “मामले में पॉक्सो और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरी गंभीरता से मामले की जांच कर रही है।”

वहीं, नगर पालिका भवाली के अधिशासी अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि आरोपी के मकान से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। अवैध निर्माण या दस्तावेजों में अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।



कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.