Super money

क्रिकेट लीग के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा: गौलापार स्टेडियम EVCL मामला, 32 लाख की ठगी का खुलासा

नैनीताल। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ियों और नामी फ्रेंचाइजी के नाम पर करोड़ों का टूर्नामेंट कराने का सपना दिखाकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी विकास ढाका को नैनीताल पुलिस ने आखिरकार क्लीन बोल्ड कर दिया है। बहुचर्चित ई0वी0सी0एल0 (EVCL) क्रिकेट लीग के नाम पर हुए इस फर्जीवाड़े का खुलासा स्वयं एसएसपी नैनीताल के निर्देशन में किया गया

अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में होना था टूर्नामेंट

आरोपी द्वारा दावा किया गया था कि गौलापार स्थित अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में EVCL क्रिकेट लीग का भव्य आयोजन होगा, जिसमें देश के बड़े और नामी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसी झांसे में आकर कई टीम मालिकों से मोटी रकम वसूली गई।

टीम मालिकों से 32 लाख रुपये की ठगी

जांच में सामने आया कि विकास ढाका ने कम से कम 02 टीम मालिकों से कुल 32 लाख रुपये की ठगी की। टीम खरीद, खिलाड़ियों की फीस, आयोजन खर्च और स्पॉन्सरशिप के नाम पर यह रकम ली गई, जबकि हकीकत में न तो टूर्नामेंट की कोई वैध अनुमति थी और न ही खिलाड़ियों से कोई आधिकारिक अनुबंध।

काठगोदाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई

पीड़ितों की शिकायत पर काठगोदाम पुलिस ने मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के लेन-देन से जुड़े बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है, ताकि ठगी की रकम का आगे कोई दुरुपयोग न हो सके।

बड़े खिलाड़ियों के नाम का दुरुपयोग

आरोपी ने प्रचार के दौरान अंतर्राष्ट्रीय और IPL जैसे बड़े टूर्नामेंटों से जुड़े खिलाड़ियों के नामों का इस्तेमाल किया, जिससे लोग आसानी से उसके झांसे में आ गए। जांच में यह भी सामने आया कि इन दावों का कोई प्रमाण मौजूद नहीं था।

एसएसपी नैनीताल का सख्त संदेश

एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट कहा कि खेल के नाम पर धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी टूर्नामेंट या लीग में निवेश करने से पहले उसकी वैधता, अनुमति और आधिकारिक दस्तावेजों की पूरी जांच जरूर करें।

जांच जारी, और खुलासों की संभावना

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस फर्जी लीग में और कौन-कौन लोग शामिल थे। आशंका जताई जा रही है कि ठगी का दायरा और भी बड़ा हो सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.