मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिव समिति की बैठक, श्रमिकों के लिए लेबर कंप्लायंस टूल व अन्य योजनाओं पर दिए अहम निर्देश
देहरादून।
मुख्य सचिव ने कहा कि अगले वित्तीय वर्ष में कराए जाने वाले नए कार्यों के लिए सभी विभाग 15 फरवरी तक आवश्यक स्वीकृतियां अनिवार्य रूप से प्राप्त कर लें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग अपने कार्यों को सुव्यवस्थित करने के लिए वार्षिक कार्य कैलेंडर तैयार करे और उसी के अनुसार योजनाओं व गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करे
कुम्भ मेला-2027 पर विशेष जोर
मुख्य सचिव ने कुम्भ मेला-2027 से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे संबंधित सभी स्वीकृतियां, प्रक्रियाएं और औपचारिकताएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं, ताकि आयोजन की तैयारियों में किसी प्रकार की देरी न हो।
खाद्य सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत
बैठक में खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रवर्तन और निगरानी को और सुदृढ़ करने पर भी बल दिया गया। मुख्य सचिव ने खाद्य पदार्थों की जांच के लिए टेस्टिंग लैब की संख्या बढ़ाने, साथ ही इससे जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
पूंजी निवेश परियोजनाओं की सतत निगरानी
मुख्य सचिव ने बताया कि पूंजी निवेश के लिए राज्यों को दी जाने वाली विशेष सहायता योजना के अंतर्गत सभी परियोजनाओं को गतिशक्ति पोर्टल पर अपलोड किया जाए तथा तय समय पर कार्य पूर्ण हो, इसके लिए निरंतर निगरानी की जाए।
तहसील व थाना दिवस पूरे वर्ष होंगे आयोजित
जन-जन की सरकार कार्यक्रम की सफलता को देखते हुए मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि तहसील एवं थाना दिवसों का आयोजन अब वर्षभर नियमित रूप से किया जाए। इसके लिए एक स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
ई-ऑफिस और डिजिटल गवर्नेंस पर फोकस
मुख्य सचिव ने कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली को मुख्यालयों और जनपद स्तरीय कार्यालयों में लागू करने की प्रगति की समीक्षा अब प्रत्येक सचिव समिति की बैठक में की जाएगी। इसके लिए विभागीय सचिवों और जिलाधिकारियों से नियमित रिपोर्ट ली जाएगी।
नक्शा पास होने पर स्थानीय निकायों से समन्वय
उन्होंने निर्देश दिए कि नक्शा पास करने वाली सभी अथॉरिटीज, नक्शा स्वीकृत होने के बाद संबंधित स्थानीय निकायों के साथ जानकारी साझा करें, ताकि प्रॉपर्टी से जुड़ा डाटा समय पर अपडेट हो सके।
श्रमिकों के लिए लेबर कंप्लायंस टूल
मुख्य सचिव ने कहा कि कुछ विभागों में लेबर कंप्लायंस टूल का प्रयोग एक सराहनीय पहल है और इसे प्रदेशभर में लागू किया जाना चाहिए, जिससे श्रमिकों से जुड़ी समस्याओं का समाधान एक ही प्लेटफॉर्म से संभव हो सके।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, श्री एल. फैनई, श्री धनंजय चतुर्वेदी, सचिव श्री शैलेश बगौली, श्री नितेश कुमार झा, श्री सचिन कुर्वे, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, श्री रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, श्री चंद्रेश कुमार यादव, श्री बृजेश कुमार संत, डॉ. वी. षणमुगम, डॉ. सुरेन्द्र नारायण पाण्डेय, श्री विनोद कुमार सुमन, श्री सी. रवि शंकर, श्री रणवीर सिंह चौहान, श्री धीराज सिंह गर्ब्याल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



Post a Comment