हल्द्वानी: फ्रिज में आग लगने से धमाका, महिला बेहोश, शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका
हल्द्वानी,
मुखानी कोतवाली क्षेत्र के कठघरिया स्थित एक गांव में शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब किराए के मकान में रह रहे एक परिवार की रसोई में रखे फ्रिज में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में फ्रिज में तेज धमाका हो गया, जिससे रसोई में काम कर रही महिला बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी।
घटना के समय घर में मौजूद महिला रेखा पांडे रसोई में भोजन बना रही थीं। इसी दौरान फ्रिज से अचानक चिंगारी निकलने लगी और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही फ्रिज में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, अन्यथा आग पूरे घर में फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
Uttarakhand News: आउटसोर्स कर्मियों को मिलेगा न्यूनतम वेतन, शासनादेश जारी | 20 फरवरी 2026 -
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया गया कि परिवार यहां किराए पर रह रहा है। महिला को प्राथमिक उपचार के बाद होश में लाया गया, फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मुखानी कोतवाली पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना की जानकारी जुटाई है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि घरों में बिजली उपकरणों की समय-समय पर जांच कराएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Post a Comment