चौपाटी में मारपीट के बाद दो महिला ब्लॉगर हिरासत में, हल्द्वानी न्यायालय में होगी पेशी
हल्द्वानी (नैनीताल)।
काठगोदाम क्षेत्र की चौपाटी में हुई मारपीट की घटना ने नया मोड़ ले लिया है। सोशल मीडिया विवाद के चलते हुए इस झगड़े में पुलिस ने दो महिला ब्लॉगर ज्योति अधिकारी और सुनीता भट्ट को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दोनों के बीच सोशल मीडिया पर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि अभद्र टिप्पणियों और पोस्ट के बाद मामला इतना बढ़ गया कि विवाद सड़क तक पहुंच गया। आरोप है कि ज्योति अधिकारी अपने कुछ समर्थकों के साथ चौपाटी पहुंची, जहां पुलिस की मौजूदगी में सुनीता भट्ट से कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट की स्थिति होने लगी ।
घटना के दौरान काफी देर तक हंगामा होता रहा, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया । मौके पर पुलिस स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने विवाद से जुड़े कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया से हटवा दिए हैं, ताकि मामले को और भड़कने से रोका जा सके।
गौरतलब है कि ब्लॉगर ज्योति अधिकारी पहले भी विवादों के चलते जेल जा चुकी हैं और फिलहाल जमानत पर बाहर बताई जा रही हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पूरे मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही दोनों को न्यायालय में पेश किया जा सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से समाज में गलत संदेश जाता है और हल्द्वानी जैसे शांत शहर की छवि पर भी नकारात्मक असर पड़ता है।
फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। अब देखना होगा कि अदालत से दोनों को जमानत मिलती है या उन्हें फिर से जेल जाना पड़ सकता है।

Post a Comment