होली से पहले रुद्रपुर में एनकाउंटर, पुलिस टीम पर हमला करने वाला बदमाश पकड़ा गया
रुद्रपुर।
होली से पहले चला विशेष अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर होली पर्व को देखते हुए जनपद में अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और वांछित अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 1 मार्च को एएनटीएफ ऊधम सिंह नगर और एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
इंद्रा चौक, मुख्य बाजार और डीडी चौक क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सुभाष कॉलोनी निवासी नदीम उर्फ नजीम उर्फ नाजिम बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से सिडकुल की ओर से हल्द्वानी जा रहा है। आरोपी पूर्व में पुलिस टीम पर पथराव और जानलेवा हमले के मामले में वांछित था और एनडीपीएस एक्ट के तहत भी फरार चल रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पारले चौक स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
यह भी पढ़े - मुख्य सचिव की अध्यक्षता में CAMPA बैठक, मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने को 8.6 करोड़ मंजूर -
फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
बागवाला–बिंदुखेड़ा बाईपास की ओर से आती संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा। इसी दौरान मोटरसाइकिल मोड़ते समय वह अनियंत्रित होकर गिर गया। गिरते ही आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
मौके से हथियार और नकदी बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से
- 315 बोर का अवैध तमंचा
- दो खोखा कारतूस
- दो जिंदा कारतूस
- ₹4100 नकद
- बरामद किए गए।
- इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की मोटरसाइकिल और लाल रंग का हेलमेट भी जब्त किया गया।
कई मामलों में था वांछित
पुलिस के अनुसार आरोपी कोतवाली रुद्रपुर में दर्ज एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में वांछित चल रहा था। पूछताछ में आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्तता और पूर्व में पुलिस टीम पर हमला करने की बात स्वीकार की है।
कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment