Super money

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2025: गणित प्रश्नपत्र में त्रुटि, छात्रों को बोनस अंक देने की उठी मांग

रामनगर,

उत्तराखंड बोर्ड की 10वीं व 12वीं की परीक्षाओं के दौरान गणित विषय के प्रश्नपत्रों में पाई गई गंभीर त्रुटियों को लेकर छात्रों को बोनस अंक देने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में राजकीय शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड बोर्ड के सचिव बीपी सिमल्टी से मुलाकात कर औपचारिक रूप से ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि हाईस्कूल (संकेतांक 231-HRG) के गणित प्रश्नपत्र में प्रश्न संख्या 22 (उपप्रश्न 12.3) पाठ्यक्रम से बाहर का पाया गया, जबकि इंटरमीडिएट (संकेतांक 428-IRS) के प्रश्न संख्या 1(ज) के विकल्पों में सही उत्तर को लेकर भ्रम की स्थिति बनी। इसके अतिरिक्त प्रश्न संख्या 14 में ‘C’ का मान 3×3 होना चाहिए था, लेकिन प्रश्नपत्र में इसे गलत तरीके से मुद्रित कर दिया गया।

यह भी पढ़े - नौकरी की भूख ऐसी कि चौकीदार पद भी सपना बन गया, 2364 सीटों पर 48 हजार युवा कतार में -

शिक्षक संघ का कहना है कि इन त्रुटियों के कारण विद्यार्थियों का समय और मनोबल प्रभावित हुआ है। ऐसे में छात्रों के साथ न्याय करते हुए संबंधित प्रश्नों पर सभी परीक्षार्थियों को बोनस अंक दिए जाने चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में शामिल शिक्षकों ने यह भी मांग रखी कि विषय विशेषज्ञों से प्रश्नों की पुनः समीक्षा कराई जाए ताकि निष्पक्ष निर्णय लिया जा सके।

यह भी पढ़े - ​उत्तराखंड: होली पर संविदा और आउटसोर्स कर्मियों को वेतन का इंतजार, क्या यूपी की तर्ज पर जगेगी धामी सरकार? -

बोर्ड सचिव बीपी सिमल्टी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि विषय विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर शीघ्र उचित निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रों के हित सर्वोपरि हैं और किसी भी प्रकार की तकनीकी या मुद्रण त्रुटि से छात्रों को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।

फिलहाल, बोर्ड के निर्णय पर हजारों परीक्षार्थियों और अभिभावकों की नजरें टिकी हुई हैं। यदि बोनस अंकों का फैसला होता है, तो इससे बड़ी संख्या में छात्रों को राहत मिलने की उम्मीद है।

कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.