Super money

CM धामी से डिप्लोमा इंजीनियर्स की वार्ता, 27 सूत्रीय मांगों पर बनेगी सब-कमेटी

देहरादून:

प्रदेश में जारी डिप्लोमा इंजीनियर्स की हड़ताल के बीच आज पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विस्तृत चर्चा की।

महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी 27 सूत्रीय मांगें रखीं। इन मांगों में पदोन्नति, वेतनमान में सुधार और पुरानी पेंशन व्यवस्था (OPS) को लागू करने जैसे प्रमुख मुद्दे शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने कहा कि लंबे समय से लंबित इन मांगों के समाधान के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महासंघ की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनकी मांगों के प्रति सकारात्मक है और सभी बिंदुओं का समुचित परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मांगों के समाधान के लिए एक सब-कमेटी का गठन किया जाएगा, जो सभी पहलुओं का गहन अध्ययन कर जल्द अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

व्यावसायिक शिक्षा बंद होने पर बवाल, प्रशिक्षकों का सरकार के खिलाफ धरना 10 अप्रैल को -

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार संवाद और समन्वय के जरिए समस्याओं का समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों को सुचारू बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है, इसलिए विकास कार्यों में किसी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए।

उन्होंने इंजीनियर्स महासंघ से अपील की कि वे जनहित को ध्यान में रखते हुए सहयोगात्मक रुख अपनाएं और वार्ता प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि जल्द समाधान निकल सके। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार डिप्लोमा इंजीनियर्स की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशील है और सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

बैठक में सचिव शैलेश बगौली, दिलीप जावलकर, पंकज कुमार पांडे सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।


कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.