Super money

बागेश्वर में सनसनी: स्कूल जाते समय राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य की चाकू मारकर हत्या

बागेश्वर। 

उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। राजकीय इंटर कॉलेज भटकोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा (55) की स्कूल जाते समय चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा शनिवार सुबह अपने विद्यालय के लिए निकले थे। आरोप है कि विद्यालय का ही एक बाबू पहले से रास्ते में चाकू लेकर घात लगाए बैठा था। जैसे ही प्रधानाचार्य वहां पहुंचे, आरोपित ने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य को परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में शिक्षकों, परिचितों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्रधानाचार्य की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि शिक्षक समुदाय और क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है तथा हत्या के पीछे के कारणों की भी गहन जांच की जा रही है।

शिक्षक संगठनों और स्थानीय लोगों ने इस जघन्य वारदात की कड़ी निंदा करते हुए आरोपित के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं

merrymoonmary के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.